
Ranchi : राज्य भर में लगभग हर जिले में बर्ड फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं. बोकारो में एक साथ हजारों मुर्गियों के मरने की खबर हैं. कई केस रांची में भी सामने आ चुके है. इस बीच स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने लोगों से नहीं घबराने को कहा है. शनिवार को विधानसभा परिसर में मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा कि पशुपालन मंत्री स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. डरने की बात नहीं है. जब जब बर्ड फ्लू आता है, वे तो खूब मुर्गा खाते हैं. लोगों को चाहिए कि वे मुर्गा को आग में अच्छे से अधिक आंच पर पकाएं.
केंद्रीय मंत्री के घर भी मरी मुर्गियां
बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, दुमका और अन्य जिलों के साथ साथ राजधानी रांची में भी बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं. पशुपालन विभाग ने कोलकाता सैंपल भेजकर इसे कंफर्म किया है. रांची में जेल चौक स्थित केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवासीय परिसर में आधा दर्जन मुर्गियों के बर्ड फ्लू से मरने की पुष्टि हुईं है. फिलहाल पशुपालन निदेशालय ने जेल मोड़ चौक के एक किमी की परिधि में आनेवाले मुर्गियों का सर्वे करने का निर्देश दिया है. वहीं इस दायरे में आने वाली सभी मुर्गियों को मारे जाने की तैयारी है. साथ ही 10 किमी क्षेत्र को सर्विलांस घोषित कर दिया गया है. लालपुर बाजार, मोरहाबादी, कांटा टोली, डेली मार्केट सहित अन्य हिस्सों में निगरानी बढाई जा रही है. रामगढ़ जिले के गिद्दी सहित अन्य इलाकों में बड़ी संख्या में कई जगह कौवों के मरने की खबर ने और चिंता बढा दी है.