
RANCHI: रांची नगर निगम अंतर्गत कर्बला चौक मिनी ट्रांसफर स्टेशन और नागा बाबा सब्जी मार्केट मिनी ट्रांसफर स्टेशन में कंपोस्ट मशीन लगाई गई है। अब इन दोनों मशीनों से वेस्ट टू कंपोस्ट तैयार किया जा रहा है। राजधानी के सब्जी बाजार और अन्य गीले कचरे को खाद में बदला जा रहा है। इतना ही नहीं इस खाद का प्रयोग रांची नगर निगम के पूर्व से निर्मित ग्रीन एरिया में किया जा रहा है। जिससे कि पेड़-पौधों को खाद मिल सके। इसके अलावा जी-20 को लेकर तैयार किए गए नए ग्रीन एरिया में इसे यूज किया जा रहा है। वहीं आने वाले दिनों में नगर निगम खाद बेचकर कमाई करेगा।
2000 किलो प्रतिदिन डिस्पोजल

नगर निगम ने दो मिनी ट्रांसफर स्टेशनों में मशीनें लगाई है। जिसमें एक मशीन नागा बाबा वेजिटेबल मार्केट एमटीएस में लगाया गया है। जिसकी कैपेसिटी 500 किलो प्रति दिन है। वहीं दूसरी मशीन कर्बला चौक एमटीएस में लगाई गई है। जिसकी कैपेसिटी 1500 केजी प्रतिदिन है। इसके लिए स्टाफ को ट्रेनिंग भी दी गई है। जिससे कि वेस्ट का प्रॉपर डिस्पोजल किया जाएगा।