रांची :
झारखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति की बैठक में महानिबंधक, झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा बार एसोशिएशन को नियमों के विरुद्ध जाकर बार एसोसिएशन की लाइब्रेरी रूम में ताला लगवाने एवं गलत ढंग से बार एसोशिएशन को एडवोकेटस एसोशिएशन में समाहित दिखलाने के विरुद्ध माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली में रिट याचिका दायर करने का निर्णय लिया गया है.

विदित हो कि बार एसोशिएशन के महासचिव दिनेश चौधरी द्वारा इस संबंध में 19.1.2023 एवं 14.2.2023 को विस्तृत अभ्यावेदन देकर बार एसोशिएशन लाइब्रेरी सौंपने हेतु दिया गया था पर उस पर कोई निर्णय नहीं लेकर बार एसोशिएशन के सदस्यों के साथ अन्यायपूर्ण ढंग से व्यवहार किया जा रहा है जिससे बार एसोशिएशन के सदस्यों में काफ़ी रोष है.
बार एसोशिएशन के अध्यक्ष अंजनी कुमार वर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने के पूर्व एसोशिएशन के प्रतिनिधियों के साथ कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश से मिलकर एक बार पुनः विचार किये जाने हेतु सोमवार को मिलने का निर्णय लिया है.
अगर समस्या का हल नहीं निकला तो मामला सुप्रीम कोर्ट में जायेगा। बैठक में बिनय सिन्हा, सचिव प्रशासन, विद्या शंकर, लाइब्रेरी सचिव, कोषाध्यक्ष शिव प्रसाद, उप- कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, कार्यकारिणी सदस्य विनोद कुमार अरविंद प्रकाश मालाकार,अतुल सिन्हा आदि शामिल थे.