RANCHI :
बेंगलुरू में एयरो इंडिया शो में भारत के आर्मी चीफ मनोज पांडे ने एलसीएच प्रचंड पर उड़ान भरी. इस उडान से आर्मी चीफ एलसीएच प्रचंड की खूबियों के मुरीद नजर आए. उन्होंने कहा है कि भारतीय सेना को लगभग दो सौ की संख्या में एलसीएच और एलयूएच जैसे स्वदेशी हैलीकॉप्टरों की जरूरत है.

वह साल 1999 था. जब भारतीय सेना को पता चला कि कारगिल की पहाड़ियों में भारतीय क्षेत्रों में पाकिस्तानी सेना के घुसपैठिए छुपे हुए हैं, तब भारतीय सेना ने घुसपैठियों को खदेड़ने के लिए ऑपरेशन विजय चलाया था. इस युद्ध में भारतीय सेना ने जनरल परवेज मुशर्र्फ की साजिश को नाकाम करते हुए घुसपैठियों को खदेड़ दिया. लगभग 18000 फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर दुर्गम पहाड़ियों पर सेना और वायुसेना को संयुक्त अभियान चलाना था.
युद्ध में सोवियत जमाने के एमआई हैलीकॉप्टर गंवाने के बाद केंद्र सरकार और वायुसेना के आला अधिकारियों को अहसास हुआ कि ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए हल्के लड़ाकू हैलीकॉप्टर की आवश्यकता है. इसके बाद लंबे समय तक अनुसंधान और विकास के बाद भारत का अपना हल्का लड़ाकू हैलीकॉप्टर (एलसीएच) सामने आया जिसे प्रचंड नाम दिया गया है.
कारगिल, सियाचिन जैसे क्षेत्रों में मिलेगी बढ़त
एचएएल जिसने इस खतरनाक मशीन को बनाया है, उसके टेस्ट पॉयलटों के मुताबिक यह दुनिया का पहला और एकमात्र हल्का लड़ाकू हैलीकॉप्टर है जो कारगिल और सियाचिन जैसी परिस्थितियों में युद्धक भूमिका में खरा उतर सकता है. हालांकि वायुसेना चेतक और चीता जैसे हैलीकॉप्टरों का इस्तेमाल अभी तक करते आयी है पर वे मुख्यत ऊंचाईवाले क्षेत्रों में रसद पहुंचाने के काम आते हैं.
स्टेट ऑफ द आर्ट खूबियों से लैस
एलसीएच प्रचंड विशुद्ध रूप से लड़ाकू हैलीकॉप्टर है. इसकी खूबियां इसे स्टेट ऑफ द आर्ट बनाती है. बताया जाता है कि कारगिल युद्ध के समय अगर ऐसा हैलीकॉप्टर होता तो भारतीय सेना को काफी कम नुक्सान होता. मगर अब भारतीय सेना के पास वह हथियार हैं जो हमारे दुश्मनों के पास नहीं है. यह दिन और रात दोनों समय उडान भर सकता है. इसे दो पायलट उडाते हैं और पायलटों के हेलमेंट में लगे विशेष मशीनों से वे किसी भी मौसम में अपने लक्ष्यों को टैंक कर सकते हैं और उसे निशाना बना सकते हैं.
यह हैलीकॉप्टर क्लोज कांबेट सपोर्ट कर सकता है साथ ही इसे दुश्मनों के बंकर और टैंकों को ध्वस्त करने के लिए इस्तेमाल में लाया जा सकता है. इसमें लगे अत्याधुनिक सेंसर्स और हथियार इसे अपने प्रतिदंवदियों पर बढ़त दिलाते हैं.