
राज्य के सबसे बड़े हॉस्पिटल रिम्स में अब सिक्योरिटी गार्ड्स की छुट्टी होगी. अगले महीने से होम गार्ड के जवान सिक्योरिटी पर मोर्चा संभाल लेंगे. ये बातें रिम्स डायरेक्टर डॉ कामेश्वर प्रसाद ने शुक्रवार को कही. उन्होंने कहा कि अबतक रिम्स में सिक्योरिटी एजेंसी इलीगल रूप से काम कर रही थी. लेकिन हमारी भी मजबूरी थी कि बिना सिक्योरिटी एजेंसी के हम हॉस्पिटल को नहीं संभाल सकते थे. हालांकि उन्होंने इलीगल रूप से एजेंसी के काम करने के मामले में किसी भी तरह की जांच से इंकार कर दिया.
सरकार के पत्र का दिया हवाला
उन्होंने सरकार के पिछले साल जारी पत्र का हवाला देते हुए कहा कि उसमें साफ लिखा है कि सिक्योरिटी का काम प्राइवेट गार्ड्स से नहीं लिया जाए. जितनी जरूरत है उसके लिए होम गार्ड्स को ही ड्यूटी पर लगाया जाए. 27 अगस्त 2021 में सरकार का यह पत्र आया था. इसके बाद सितंबर 2021 में हमलोगों ने प्रक्रिया शुरू कर दी.
अटके टेंडर को किया फाइनल
डायरेक्टर ने कहा कि हमारे आने से पहले कई टेंडर पेंडिंग थे. एक –एक कर हमने इसे फाइनल करने का काम किया. हमने किचन का टेंडर, सैनिटेशन, मैनपावर का टेंडर फाइनल कर दिया. बायोमेडिकल वेस्ट का टेंडर, डायलेसिस का टेंडर भी किया गया. एक भी सीटी स्कैन मशीन नहीं थी, अब दो सीटी स्कैन मशीन का फायदा मरीजों को मिल रहा है. इको मशीन की बात करें तो 2 मशीन है. मॉडर्न कैथलैब की स्थापना की गई.
दस साल टेस्ट की समस्या नहीं
लैब में टेस्टिंग में लगातार रीएजेंट के शॉर्टेज की कंप्लेन पर उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत मिल रही थी. इसके लिए हमने टेंडर कर दिया है जिससे कि अगले दस सालों तक सेलेक्टेड एजेंसी रीएजेंट की सप्लाई करेगी. वहीं फ्री आफ कॉस्ट मशीन भी इंस्टाल कराएगी. ये मशीनें अलग-अलग विभागों में लगाई जाएगी. इससे मरीजों को टेस्ट कराने में कोई परेशानी नहीं होगी. वहीं वर्तमान में डोनेट की गई मशीन को भी वापस भेज दिया जाएगा.
ये भी दी गई जानकारी
-स्टेबल न्यूरो मरीजों को मल्टी स्टोरी पार्किंग में बेड पर किया जा रहा शिफ्ट
-कोविड को लेकर 330 बेड रखे गए है तैयार
-ट्रामा सेंटर में सभी बेड पर आक्सीजन की फैसिलिटी
-लिक्विड मेडिकल आक्सीजन टैंक भी है तैयार
-2200 आक्सीजन बेड है रिम्स के विभागों में
-874 सैक्शन पोस्ट की तुलना में 270 नर्स की बहाली के बाद 650 नर्स है अब रिम्स में
-आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए हमारे पास किट उपलब्ध
-दवाओं का है पूरा स्टॉक मरीजों के लिए
-जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए हमारे पास नहीं है सैंपल
-कॉलेज का एकेडमिक ब्लाक है तैयार
-डीएम क्रिटिकल केयर के 2 सीटों पर एडमिशन
-हाइ एंड अल्ट्रासाउंड की 3 मशीनें लगाई गई
-इ हॉस्पिटल से जुड़े कई विभाग, जल्द पूरा हॉस्पिटल एक क्लिक पर होगा
-हॉस्पिटल मैनेजमेंट का कोर्स भी होगा शुरू