रांची के रूपेश साहू की डॉक्यूमेंट्री “रैट ट्रैप” का चयन साउथ एशियन शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल के लिए

रांची के रूपेश साहू की डॉक्यूमेंट्री “रैट ट्रैप” का चयन साउथ एशियन शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल के लिए

कोलकाता में फेस्टिवल में फिल्म होगी प्रदर्शित

रांची.

रांची के युवा डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्देशक रूपेश साहू की फिल्म रैट ट्रैप का चयन  कोलकाता में 3 से 8 जुलाई तक होने वाली छठी साउथ एशियन शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ है. यह फिल्म फेस्टिवल कोलकाता के नंदन फिल्म एंड कल्चरल सेंटर में होगी. फिल्म रैट ट्रैप का चयन डॉक्यूमेंट्री कंपटीशन कैटेगरी में हुआ है. 

 इस फिल्म के निर्माता अखड़ा के बीजू टोप्पो और मेघनाथ है. जबकि रूपेश साहू ने फिल्म का निर्देशन किया है. यह फिल्म कोयला निकाल कर बेचनेवालें उनलोगों की जिंदगी और संघर्ष की कहानी बयां करती है जो,  अपनी ही जमीनों पर बने खदानों से चोरी छुपे कोयला निकालने और बेचने पर मजबूर हैं.

फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक समय औने पौने दाम पर प्रशासन द्वारा खदानों के नाम पर उनकी जमीने अधिग्रहित की गई और अब उन जमीनों के मालिक एक अभिशप्त जिंदगी जीने पर विवश हैं. सरकार और प्रशासन का रवैया इन लोगों के प्रति कैसा है यह भी इस फिल्म में बहुत संवेदनशीलता के साथ दर्शाया गया है.

रांची के रूपेश साहू की डॉक्यूमेंट्री “रैट ट्रैप” का चयन साउथ एशियन शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल के लिए

 प्रशासन इन लोगों को चोर कहता है पर उनकी उन मजबूरियों को नहीं समझता जिसकी वजह से ये लोग कोयला चोरी करने और बेचने पर मजबूर हैं. फिल्म में उन हादसों को भी दिखाया गया है जब खदानों से कोयला निकालते समय ऐसे लोगों की मौत हो जाती है. फिल्म की शूटिंग रामगढ़ के चरही, धनबाद के निरसा और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाके में की गई है.

रैट ट्रैप का पूर्व में भी कई प्रतिष्ठित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शन हो चुका है.  इनमें आईडीएसएफएफके केरल, साइन फिल्म फेस्टिवल केरल, 9 वीं इंटरनेशनल पीपुल्स फिल्म फेस्टिवल कोलकाता,इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल शिमला, एनवायरमेंटल फिल्म फेस्टिवल पंचगनी में किया जा चुका है.  जहां इस फिल्म को समीक्षकों की खूब प्रशंसा मिली है.

Leave a Comment