
Ranchi: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची से अब देश के और भी अन्य शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू होगी. जयपुर, गोवा, मैंगलोर, विशाखापट्टनम, श्रीनगर, कोचिन और देवघर के लिए इस एयरपोर्ट से 26 मार्च से सेवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने इस संबंध में सूचना जारी कर दी है.
ग्रीष्मकालीन शिड्यूल 2023 प्रभावी
इसके मुताबिक ग्रीष्मकालीन शिड्यूल 2023 (घरेलू) 26 मार्च से 28 अक्टूबर 2023 तक प्रभावी रहेगा. इसके तहत एयर एशिया की बेंगलूरु-रांची-बेंगलूरु फ्लाइट अब कोचिन तक जाएगी. दिल्ली-रांची-दिल्ली के बीच सेवा देने वाली एयर एशिया की प्लेन से श्रीनगर तक पैसेंजर्स जा सकेंगे. इसी तरह विभिन्न फ्लाइटों के जरिये यात्रीगण जयपुर (इंडिगो), दिल्ली-रांची-दिल्ली (एयर एशिया) से कोचिन, देवघर-रांची-देवघर (इंडिगो), गोवा-रांची-गोवा (इंडिगो), बेंगलूरु-रांची-पुणे से मेंगलोर (इंडिगो) तक तथा बेंगलुरु-रांची-पुणे से विशाखापटनम (इंडिगो) तक जा सकेंगे. रांची सांसद संजय सेठ ने रांची से देवघर (झारखंड) सहित 7 नए शहरों के लिए हवाई सेवा की सुविधा दिये जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार जताया है.