
CHATRA : झारखंड के चतरा जिले में भीड़ ने प्रेमिका से मिलने घर पहुंचे प्रेमी और विवाहित प्रेमिका को पकड़कर खंभे में बांध दिया। इसके बाद बेरहमी से पिटाई करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मॉब लिंचिंग की इस घटना में जहां महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रेमी को पीटकर भीड़ ने अधमरा कर दिया है। इतना ही नहीं सुगिया देवी की मौत के बाद गांव में पंचायत बुलाकर महज तीन लाख में ही उसके जान का सौदा तक ग्रामीणों द्वारा कर दिया गया। पुलिस को मामले की जानकारी मिलने से पहले शव को ग्रामीणों ने जला दिया। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
30 जून की है घटना
घटना विगत 30 जून की रात की बताई जा रही है। इससे संबंधित मारपीट का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। घटना चतरा जिले के बरैनी पंचायत अंतर्गत घोर नक्सल प्रभावित मसूरियातरी गांव में घटी है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी राकेश रंजन ने सदर थाना पुलिस को जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।