
RANCHI: G20 की तैयारी को लेकर उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने मुख्य पथों पर विशेष कर एयरपोर्ट से हरमू रोड होते हुए कांके रोड के दोनों तरफ रहने या व्यवसाय करने वाले लोगों से यह अपील की है। जिसमें लोगों से उन्होंने कहा है कि जी20 बैठक से पूर्व अपने-अपने आसपास की पूर्ण साफ-सफाई कर लें। साथ ही यह भी कहा कि यदि उनकी इच्छा हो तो अपने परिसर की बाहरी दीवारें जो मुख्य पथों से सीधी दिखाई पड़ती है उसक रंग-रोगन करा सकते है। इसके लिए निगम प्रशासन उनका आभारी रहेगा।
तैयारियों की समीक्षा, सफाई का निर्देश
उन्होंने G20 की बैठक को सफल बनाने के लिए निगम स्तर से की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। जिसमें मुख्य रूप से इंजीनियरिंग शाखा, स्वच्छता शाखा, विद्युत शाखा, इनफोर्समेंट शाखा और होर्टिकल्चर शाखा को आवंटित कार्यों की जानकारी ली। शहर को प्लास्टिक मुक्त रखने के अलावा सभी मुख्य सड़कों व संपर्क पथों की पूर्ण सफाई करने का निदेश दिया। उप नगर आयुक्त ने यह भी निदेश दिया कि एयरपोर्ट से हिनू चौक, अरगोड़ा चौक, हरमू चौक होते हुए कांके रोड तक पूरी सफाई होनी चाहिए। साथ ही साथ विद्युत शाखा को निर्देश दिया कि रात में भी सभी स्ट्रीट लाइट की जांच की जाए। उन्होंने विद्युत शाखा को यह भी निदेश दिया कि जितने भी आकर्षक लाईटों का लगाया जाना है, उसे लगाने के बाद ट्रायल रन करना सुनिश्चित करें।
सड़कों के किनारे से हटाएं अतिक्रमण
उप नगर आयुक्त ने होर्टिकल्चर शाखा को सभी चौक-चौराहें, मीडियन पर मौसमी पुष्प लगाने व नियमित रूप से पानी डालने का निदेश दिया। उन्होंने स्वच्छता शाखा को यह भी निदेश दिया कि मुख्य चौराहों पर जितने भी महापुरुषों की मूर्तियाँ स्थापित है, उनकी हर रोज सफाई की जाए। इसके अलावा नगर प्रबंधक मुख्य मार्गों पर अगर जल जमाव की समस्या दिखाई पड़ रही है, तो उसे तत्काल दुरुस्त करें। उन्होंने इनफोर्समेंट शाखा को यह निदेश दिया कि सड़कों के किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण दिखने पर उसे तुरन्त हटाया जाय। वहीं इंजीनियरिंग शाखा को यह निदेश दिया कि मुख्य पथों पर जहां कहीं पर भी नालियों के ऊपर स्लैब टूट है उसे जल्द से जल्द दुरुस्त करें।