शहीद सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी और शहीद हवलदार गौतम कुमार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

Vशहीद सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी और शहीद हवलदार गौतम कुमार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

रांची।

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में  झारखंड जगुआर के शहीद पुलिस सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी जी और हवलदार गौतम कुमार जी को पुष्पचक्र चढाकर श्रद्धांजलि दी. दो शहीदों के पार्थिव शरीर को रांची लाया गया था। राज्य के वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

गौरतलब है कि 14 अगस्त की शाम पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में दोनो शहीद हो गए थे।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीदों के शोक संतप्त परिजनों /आश्रितों से मिलकर उन्हें ढांढ़स बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के आश्रितों /परिजनों के साथ सरकार सदैव साथ रहेगी। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह,  गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार और पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उनकी शहादत को नमन किया।

उग्रवादी हताशा में ऐसी घटनाओं को दे रहे अंजाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरअसल राज्य में उग्रवादी घटनाएं अब अंतिम सांसें गिन रही है। उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस को लगातार कई बड़ी सफलताएं मिल रही है । ऐसे में हताशा में उग्रवादियों द्वारा पुलिस को निशाना बनाने की कोशिश हो रही है। दो वीर जवानों की शहादत कहीं ना कहीं उग्रवादियों के हताशा में किए गए हमले का ही परिणाम है। दो जवानों का शहीद होना हमारे लिए बहुत ही दुखद है। लेकिन, उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस का अभियान और शक्ति के साथ लगातार जारी रहेगा ।  मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड जगुआर से संबंधित कुछ समस्याएं संज्ञान में आई है और इसका जल्द निराकरण होगा ।

ज्ञात हो कि झारखंड जगुआर के शहीद सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी जी का पैतृक आवास पलामू जिले के रेहला प्रखंड के तोलरा गांव में है। उन्हें एक बेटी और बेटा है।  जबकि, शहीद  गौतम कुमार जी के परिजन बिहार के भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के रंधाडीह गांव में रहते हैं। दिवंगत गौतम कुमार जी अविवाहित थे और उनके घर में मां, एक बहन तथा तीन भाई हैं।

Leave a Comment