
रांची.
केन्द्रीय जनसंघर्ष समिति गुमला लातेहार के पूर्व निर्धारित विरोध दिवस जो 22 व 23 मार्च को प्रस्तावित था, को स्थगित कर दिया है. उसकी जगह पर अब विजय और आभार दिवस मनाया जायेगा. समिति के जेरोम जेराल्ड कुजूर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य सरकार के द्वारा फील्ड पायरिंग रेंज से संबंधित जानकारी को जनसंघर्ष समिति को समय पर सूचित नहीं किये जाने के कारण विरोध एवं संकल्प दिवस के आयोजन के बारे में संशय की स्थिति उत्पन्न हुई थी.
ज्ञात हो कि सितंबर २०२२ में राज्य सरकार द्वारा नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज को पुनः अधिसूचित करने के प्रस्ताव को अस्वीकृत कर दिये जाने के संबंध में राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना की लिखित प्रति जनसंघर्ष समिति को उपलब्ध कराने की मांग सूचना के अधिकार क़ानून के तहत की गई थी.
परन्तु जनसंघर्ष समिति को मांगी गई जानकारी समय पर नहीं दी गई. फलस्वरूप जनसंघर्ष समिति ने यह समझा कि नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज को पुनः अधिसूचित करने के प्रस्ताव की कोई अधिकारिक निर्णय सरकार द्वारा नहीं लिया गया है. इसीलिये जनसंघर्ष समिति ने २२ एंव २३ मार्च २०२३ को टुटुआपानी मोड़ में नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज के खिलाफ में विरोध एंव संकल्प दिवस का आयोजन हर वर्ष की तरह किया था.
अब जबकि राज्य सरकार द्वारा लिये गये निर्णय की सूचना उपायुक्त गुमला के माध्यम से केन्द्रीय जनसंघर्ष समिति को उपलब्ध कराई जा चुकी है और यह साफ हो गया है कि सरकार नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज को सेना के अभ्यास के लिए अधिसूचना को रद्द कर दिया है. वैसी परिस्थिति में जनसंघर्ष समिति द्वारा टुटुआपानी मोड़ में आयोजित विरोध एवं संकल्प दिवस कार्यक्रम को अब विजय एंव आभार दिवस के रूप मनाने की इच्छा रखती है.