अल्पसंख्यक स्कूलों में होंगी नियुक्तियां, सीएम हेमंत सोरेन के प्रति जताया आभार
RANCHI :
रांची महाधर्मप्रांत के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो और सहायक धर्माध्यक्ष बिशप थियोडोर मास्करेहंस ने विश्वासियों के बीच क्रिसमस का संदेश बांटा है. आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने पुरूलिया रोड स्थित आर्चबिशप हाउस में पोप फ्रांसिस के संदेश को उद्धृत करते हुए कहा कि यूक्रेन युद्ध से पीड़ित और दुनियांभर में जहां भी वंचित और दुखी लोग हैं, उन्हें शांति मिलनी चाहिए. हमारे आसपास गरीब और वंचित लोग हैं जिन्हें सहानुभूति और प्यार की जरूरत है.

आर्चबिशप ने कहा कि रांची आर्चडायसिस भी इसी दिशा में काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि हमारे कार्य के केंद्र में यीशु मसीह है. आज दुनिया में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव की बड़ी जरूरत है.
सीएम हेमंत सोरेन के प्रति जताया आभार
बिशप मास्करेहंस ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का विशेष तौर पर आभार जताया कहा कि हेमंत सरकार ने अल्पसंख्यक स्कूलों में होनेवाली नियुक्तियों पर लगी रोक को हटा दिया है. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने नियुक्तियों पर रोक लगा दी थीं इससे स्कूलों में शिक्षण कार्य में काफी परेशानी हो रही थी। ये नियुक्तियां पिछले आठ –दस सालों से लंबित थीं. अब रोक हटने से नियुक्तियां हो पायेंगी और गरीब तबके के विद्यार्थियों को भी अच्छी शिक्षा मिल पायेगी.
सादगी से मनाये क्रिसमस उपहार न लाने की अपील
उन्होंने कहा कि हमने लोगों से अपील की है कि वे इस क्रिसमस पटाखें नहीं जलाएं और ना ही आर्चबिशप हाउस में गुलदस्ता या केक जैसे उपहार लाएं. उसके बजाय इन पर खर्च होनेवाले पैसों को जरूरतमंदों की सेवा में खर्च करें.
जरूरतमंदों के बीच कंबल का हो रहा वितरण
बिशप थियोडोर मास्करेहंस ने कहा कि कोविड के दुखभरे सालों में रांची आर्चडायसिस ने लगभग चार करोड़ रुपए की मदद से जरूरतमंदों और असहायों के बीच की थी और ये सारे पैसे दानदाताओं की ओर से थे.इस वर्ष भी हमलोग दो हजार कंबल और दो हजार एडुकेशनल किट का वितरण कर रहे हैं. इन चीजों का वितरण रांची और डाल्टनगंज में होगा. उन्होंने कहा कि कैथोलिक कलीसिया सेवा कार्य करते समय धर्म और जाति नहीं देखती. जो भी जरूरतमंद हैं उनके बीच हमलोग सेवा का कार्य करेंगे.