ईडी कोर्ट में हेमंत सोरेन की पेशी, रिमांड पर फैसला कल

रांची।

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद उन्हें आज ईडी के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया गया। हेमंत सोरेन को दिन के करीब 2:30 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट परिसर में लाया गया। ईडी के अधिवक्ता ने हेमंत सोरेन से पूछताछ की आवश्यकता बताते हुए कोर्ट से रिमांड की मांग की। रिमांड की अवधि पर कोर्ट शुक्रवार को अपना फैसला सुनायेगी। इसके बाद हेमंत सोरेन को न्यायिक हिरासत में होटवार जेल भेज दिया गया। जेल में उन्हें अपर डिवीजन सेल में रखा गया है।

इससे पूर्व हेमंत सोरेन जब कोर्ट परिसर में पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और उनके समर्थकों की भीड़ इकट्ठी हो गयी। हेमंत सोरेन ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।

गौरतलब है कि बरियातु स्थित तकरीबन 8 एकड़ जमीन घोटाले मामले में ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आरोपी बनाया है। बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास तकरीबन आठ घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी गिरफ्तारी से पूर्व एक मार्मिक वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए संघर्ष जारी रखने की बात कही है।

Leave a Comment