
ई-विद्यावाहिनी के माध्यम से दर्ज कराना था उपस्थिति
रांची.
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् की रिपोर्ट से सनसनीखेज खुलासा हुआ है. रिपोर्ट में कहा गया है कि झारखंड के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 3 हजार से अधिक शिक्षक ई-विद्यावाहिनी में हाजिरी ही नहीं बना रहे हैं.
इस खुलासे के बाद राज्य परियोजना निदेशक किरण कुमारी पासी ने इसे लेकर एक आदेश जारी किया है. इसकी जानकारी सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को भी दी गई है.
राज्य अंतर्गत संचालित सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत सभी प्रकार के शिक्षक और गैर शिक्षा कर्मियों द्वारा अपनी उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी के माध्यम से दर्ज किया जाना है. राज्य कार्यालय से विश्लेषण के क्रम में यह पाया गया है कि 15 जून से 6 जुलाई, 2023 के बीच 1167 विद्यालयों के किसी भी शिक्षकों ने अपनी उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी के माध्यम से दर्ज नहीं की.
यह भी पाया गया कि3297 ऐसे शिक्षक हैं, जिनके द्वारा 15 जून से 6 जुलाई, 2023 के बीच एक भी दिन अपनी उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी के माध्यम से दर्ज नहीं की गई है.
निदेशक ने लिखा है कि निर्देशानुसार उक्त 1,167 विद्यालय और 3,297 शिक्षकों की सूची प्रेषित की जा रही है. निर्देश दिया जाता है कि जिन विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा अपनी उपस्थिति ई- विद्यावाहिनी के माध्यम से दर्ज नहीं की जा रही है, वैसे विद्यालयों में जिला एक डिस्ट्रिक एमआइएस कोऑर्डिनेटर और ब्लॉक , एमआईएस कोऑर्डिनेटर या अन्य जानकार, पदाधिकारी/कर्मियों को संबंधित विद्यालय में भेजें और उपस्थिति दर्ज करने में हो रही कठिनाइयों का निवारण कराना सुनिश्चित करें.