संत पॉल्स महाविद्यालय में इंटर मीडिएट की कक्षाएं आरंभ

रांची.
संत पॉल्स कॉलेज में शुक्रवार को इंटरमीडिएट के नये सत्र की शुरूआत हुई। मौके पर आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के लगभग 1200 विद्यार्थी मौजूद थें। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ अनुज तिग्गा सहित, छोटानागपुर डायसिस के पुरोहित, कॉलेज के सचिव सहित शिक्षक शिक्षिकाओं ने छात्र छात्राओं का स्वागत किया.
कॉलेज के सचिव रेव्ह पीटर बारला ने कहा कि आप विभिन्न जगहों से यहां आयें हैं, लेकिन इस महाविद्यालय में आप एक हैं और आपको एक होकर ही आगे की ओर बढ़ना है। उन्होंने कॅरियर के लिए मौजूदा तकनीक पर भी चर्चा की और शिक्षा के साथ उनके सही तालमेल को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
कार्यक्रम में सीडीईएस स्कूल इंस्पेक्टर रेव्ह डेविड ने छात्रों से बुद्धिऔर ज्ञान के लिए ईश्वर के प्रति भय मानने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ज्ञान का स्रोत सर्वशक्तिमान ईश्वर ही है, जिनसे हमें जीवन के उदेश्यों की पहचान मिल पाती है। छोटानागपुर डायसिस के उपसचिव रेव्ह सिकंदर नाग ने अनुशासन के प्रति ईमानदार रहने की सलाह देते हुए छात्रों से जीवन के हरेक क्षेत्र में कर्तव्य निष्ठ और आज्ञाकारी बनने को कहा।
इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनुज कुमार तिग्गा ने छात्रों का स्वागत कर उन्हें धैर्यवान बनने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जो धैर्य और धीर होते हैं वहीं आगे बढ़ते हैं। इस संबंध में उन्होंने कहानी के माध्यम से छात्रों का उत्साह बढ़ाया। इसके पूर्व कार्यक्रम में नये छात्र-छात्राओं के बेहतर भविष्य और शिक्षा के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में छात्र-छात्राओं का परिचय शिक्षकों और कॉलेज के शिक्षकेतर कर्मचारियों से कराया गया। परीक्षा विभाग के डॉ बिमल कुमार साहू ने कॉलेज के नियम, अनुशासन की शर्तें और कक्षाओं की समयसारिणी पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में सीडीईएस के अधिकारीगण, प्राचार्य डॉ अनुज कुमार तिग्गा सहित सभी संकाय के शिक्षकगण और शिक्षेकेतर कर्मचारी मौजूद थे।