
रांची.
मणिपुर में बीते दिनों जारी हिंसा के बीच दो युवतियों को निर्वस्त्र कर उनके साथ दुर्वव्हार की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद देश भर में आक्रोश व्याप्त है। राजधानी रांची में आदिवासी समन्वय समिति, आदिवासी जनपरिषद, आदिवासी छात्र संघ, केंद्रीय सरना समिति, केंद्रीय सरना संघर्ष समिति, राजद, भाजपा सहित कई संगठनों से जुड़े लोगों ने शुक्रवार को घटना पर विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया और अल्बर्ट एक्का चौक पर
केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। आदिवासी जनपरिषद के प्रेमशाही मुंडा ने कहा कि मणिपुर में पिछले दो महीने से आदिवासी महिलाओं के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं हो रही हैं। घटना का वीडियो वायरल होने से पहले तक केंद्र सरकार मौन रही है। उन्होंने कहा कि देश पर शासन करने के लिए लाशों पर राजनीति करना बंद करें। अब तक केंद्र सरकार का चुप रहना एक राजनीतिक षडयंत्र है। आदिवासी जनपरिषद ने मांग की है कि संयुक्त राष्ट्र संघ, मानवाधिकार आयोग को भी इस पर हस्तक्षेप करना चाहिए. मौके पर लक्ष्मी नारायण मुंडा, ने भी इस मामले पर केंद्र सरकार की भूमिका की निंदा की। शिवा कच्छप ने कहा कि मणिपुर की घटना ने पूरे देश को शर्मसार किया है।
अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। मौके पर रतन तिर्की, प्रभाकर तिर्की, सुशांतो मुखर्जी, अजय तिर्की, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.