पीजीआई लखनऊ जाना चाहती थी ब्रेन ट्यूमर से ग्रसित महिला, रिम्स डायरेक्टर ने की सर्जरी

Img 20240227 Wa0006

RANCHI: रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार ने एक 55 वर्षीय महिला के ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया। इटकी, रांची की रहने वाली कुंती देवी अपने ब्रेन ट्यूमर के ऑपरेशन के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ जाना चाहती थीं। लेकिन जब उन्हें न्यूरो सर्जन डॉ राजकुमार के रिम्स के निदेशक बनने की जानकारी मिली तो वह रिम्स आ गई। वहीं रिम्स में ऑपरेशन कराने को तैयार हो गई। इसके बाद डॉ राजकुमार ने मंगलवार को कुंती देवी का ऑपरेशन करने की योजना बनाई। पूरी टीम के साथ उन्होंने महिला के ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी की। सर्जरी के बाद वह अभी डॉक्टरों की निगरानी में है। स्वस्थ होते ही उन्हें अस्पताल से जल्द छुट्टी दे दी जाएगी। डॉ राजकुमार के साथ टीम में न्यूरो सर्जरी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ आनंद प्रकाश, सीनियर रेजिडेंट डॉ दीपक और डॉ संजीव मौजूद थे। वहीं एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ एकरामुल हक, डॉ सौरभ सुमन और डॉ प्रभा ने किया। बता दें कि डॉ राजकुमार रिम्स से जुड़ने से पहले एसजीपीजीआई, लखनऊ में न्यूरो सर्जरी के विभागाध्यक्ष थे।

Leave a Comment