वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इवेंट मैस्कोर्ट “जूही” और ट्रॉफी का अनावरण

झारखंड के खिलाड़ी खनिज संपदा से ज्यादा मूल्यवान : मुख्यमंत्री

वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इवेंट मैस्कोर्ट "जूही" और ट्रॉफी का अनावरण

रांची।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा है कि उनकी सरकार की प्राथमिकताओं में खेल एक अहम हिस्सा है। कहा कि खेलों में झारखंड एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरे। यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग मुकाम हासिल करें, इसके लिए खेलों से जुड़ी व्यवस्थाओं और संसाधनों को मजबूत कर रहे हैं। देश में राष्ट्रीय स्तर पर कोई भी खेल के लिए टीम तैयार हो उसमें झारखंड के खिलाड़ी हमेशा शामिल रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में सभी खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई है। राज्य में विमेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी-2023 की शुरुआत 27 अक्टूबर से हो रही है। आने वाले दिनों में अन्य राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का मेजबानी झारखंड करेगा। मुख्यमंत्री आज झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित  वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2023 के इवेंट मैस्कोर्ट “जूही” और ट्रॉफी  के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थें।

झारखंड के खिलाड़ी यहां के खनिज संपदा से ज्यादा मूल्यवान

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा के लिए अधिक जाना जाता रहा है। यहां सभी तरह के खनिज का मिलना आम बात है, यह राज्य देश को अलग ताकत प्रदान करता है। मुख्यमंत्री  ने कहा कि जब इस राज्य में हमारी सरकार बनी तो पूरा विश्व कोरोना संक्रमण की चपेट में जूझता रहा। हम सभी लोग डेढ़ वर्ष तक अपने घरों में बंद रहने पर मजबूर हुए, परंतु इस कड़ी में हमने अपनी सोच पर ताले बंद नहीं किए। हमारी सरकार ने  राज्य को किस दिशा में ले कर जाना है, उसकी तस्वीर खींची। राज्य सरकार कोरोना संक्रमण काल में भी निरंतर इस राज्य को बेहतर दिशा देने के लिए पूरी कोशिश करती रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने इस क्रम में एजुकेशन, हेल्थ आधारभूत संरचना, पर्यटन तथा खेल के विकास के लिए कार्य करने की पूरी योजना तैयार की। राज्य सरकार की ओर से जब यहां के खिलाड़ियों को तराशने का कार्य प्रारंभ हुआ तब पता चला कि खिलाड़ियों को तराशना यहां की खनिज संपदा से कहीं अधिक मूल्यवान है।

हॉकी इंडिया के प्रति आभार जताया

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से खिलाड़ियों के बीच नई रोशनी फैलेगी। उन्होंने हॉकी फेडरेशन को आश्वस्त किया कि आयोजन में किसी तरह की कमी नहीं रहेगी। चैंपियन ट्रॉफी में सरकारी व्यवस्था का पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। आयोजन से राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन भी मिलेगा।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष मोहम्मद तैयब इकराम, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की, राज्य के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, खेल सचिव मनोज कुमार,   हॉकी इंडिया के  सेक्रेटरी जनरल भोलानाथ सिंह, कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरन सहित कई पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी, वर्तमान खिलाड़ी सहित अन्य गणमान्य मौजूद  थे।

Leave a Comment