देश के हालात चिंताजनक लोगों को मानसिक रूप से जहरीला बनाया जा रहा : सुबोधकांत सहाय

भारत जोड़ो अभियान का रांची संसदीय  निर्वाचन  क्षेत्र का सम्मेलन, जुड़ेगा इंडिया जीतेगा भारत का नारा हुआ बुलंद

देश के हालात चिंताजनक लोगों को मानसिक रूप से जहरीला बनाया जा रहा : सुबोधकांत सहाय

रांची.

भारत जोड़ो अभियान के रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का सम्मेलन शुक्रवार को प्रेस क्लब सभागार में हुआ. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा कि देश में आज जो हालात हैं वह चिंताजनक है. मूलभूत अधिकारों को खत्म किया जा रहा है. संविधान और कानूनों को भी बदला जा रहा है.

 स्थिति यह है कि लोगों को मानसिक रूप से जहरीला बनाया जा रहा है. पहले गांधी, नेहरू, लोहिया जैसे नेता थे  जो देशभक्त पहले थें और तब राजनीतिक दल के नेता थे. उन्होंने भाजपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि अब लोग राजनीतिक दल के पहले हैं जो खुद ही देशभक्ति की परिभाषा तय करते हैं. उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में इंडिया  अलायंस व सिविल सोसायटी से जुड़े लोग एक साझा रणनीति बनाने को लेकर एकजुट हो रहे हैं.

पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हम देश के माहौल को बिगड़ते हुए देख रहे हैं. देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को खत्म करने की कोशिश की जा रही है. भारत की विविधता, विस्तृत संविधान  मूल्यों पर आघात हो रहा है. आदिवासियों,दलितों के हक अधिकार छीने जा रहे है . हम सभी इसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए यहां एकत्र हो रहे हैं.

वासवी किड़ो ने कहा कि देश में पिछले 10 सालों में 22 करोड़ लोग बेरोजगार हुए हैं. मीडिया इजरायल और फिलिस्तीन की खबरें दिखा रहा है पर मणिपुर की खबरें गायब हैं. प्रधानमंत्री विदेश घूम रहे हैं पर मणिपुर नहीं जा रहें. ये हालात चिंताजनक है और हमें इनके खिलाफ खड़े होने की जरूरत है.

सुधीर पाल ने कहा कि वर्तमान संकट सिर्फ राजनीतिक ही नहीं बल्कि लोकतांत्रिक संकट का भी है. 5 ट्रिलियन के दिवास्वप्न दिखाने के बाद भी हम ग्लोबल ह़ंगर इंडैक्स में भारत 121 देशों में 111 वें नंबर पर है. प्रेस की स्वतंत्रता व मानवाधिकार के मामलों में भी स्थिति चिंताजनक है.

 सम्मेलन में भारत जोड़ो अभियान को मजबूत बनाने और 2024 के चुनावों पर भी विचार किया गया. सोशल मीडिया और फेक न्यूज पर भी चर्चा हुई.

आज के सम्मेलन  में नदीम खान, विनोद कुमार, यशस्विनी सहाय, शैल मिश्रा, प्रवीर पीटर, आलोका, सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया.

Leave a Comment