आठ दिनों के अंदर रांची पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

आठ दिनों के अंदर रांची पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

रांची।

रांची पुलिस ने आठ दिनों के भीतर दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार 3 आरोपियों में दो सगे भाई भी हैं। रांची के बरियातू के चिरौंदी में बीते दिनों हुए दोहरे हत्याकांड मामले में सगे भाइयों अशोक कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार गुप्ता और विजय उरांव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों भाईयों की गिरफ्तारी पहाड़ी मंदिर के पीछे से हुई। जबकि विजय की गिरफ्तारी मान्या पैलेस के समीप से हुई है। आरोपियों के पास से एक लोडेड पिस्टल, 14 गोली, एक देशी कट्टा, दो मोबाईल, एक बुलेट और घटना के वक्त पहने हुए कपड़ा बरामद किया गया है।

रांची के एसएसपी किशौर कौशल ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता की वजह से मुकेश साव और उसके स्टॉफ रोहन की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। 11 अगस्त की रात मुकेश साव और उसका स्टॉफ रोहन कुमार जूस की दुकान बंद कर अपने घर जा रहे थे। इसी क्रम में बुलेट पर सवार अशोक कुमार गुप्ता और धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने दोनों को चिरौंदी  में गोली मारकर हत्या कर दी।

एसएसपी ने बताया कि रांची जूस सेंटर के मालिक धर्मेंद्र और अशोक ने मुकेश कुमार के जूस के बढ़ते कारोबार से परेशान होकर दोनों की हत्या कर दी। मुकेश साव ने मोरहाबादी में तीन जूस सेंटर खोल रखा था और वह चौथे जूस सेंटर खोलने की तैयारी में था। इससे रांची जूस सेंटर के मालिक को आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रांची जूस सेंटर के मालिक ने मुकेश और उनके स्टाफ की हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह बात भी सामने आयी थी कि मुकेश और रोहन से दोनों अपराधियों ने पहले बातचीत की और फिर दोनों को गोली मार दी।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया किया। एसआईटी टीम ने बिहार के औरंगाबाद और गया में छापेमारी की। दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद अशोक और धर्मेंद्र दोनों बिहार भाग गए थे। पुलिस के भारी दबाव की वजह से दोनों कोर्ट में सरेंडर करने की भी प्लानिंग कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में धर्मेंद्र और अशोक की मदद करने वाले विजय उरांव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

 हत्याकांड को अंजाम देने के लिए धर्मेंद्र और अशोक ने औरंगाबाद से 70 हजार में दो हथियार और गोलियां खरीदा था। शुक्रवार की रात एसआईटी को जानकारी मिली थी कि धर्मेंद्र और अशोक दोनों ही बंगाल से रांची पहुंच कर अपने एक परिचित के घर पनाह लिए हुए हैं। सूचना मिलने के बाद स्पेशल टीम ने घेराबंदी कर दोनों को  गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों अपराधियों ने यह खुलासा किया है कि जूस के बढ़ते  बिजनेस को लेकर ही उन्होंने मुकेश और उसके स्टाफ की हत्या की थी।

Leave a Comment