आदिवासी उद्यमिता दक्षता विकास प्रशिक्षण शिविर 9 से 12 फरवरी तक खेलगांव में

RANCHI ;

राष्ट्रीय आदिवासी उद्यमिता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 9 से 12 फरवरी तक रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में होगा. इसका आयोजन केंद्रीय पारंपरिक आदिवासी महासभा यूनाइटेड ट्राईब गण्डवाना एसोसिएशन के तत्वाधान में होगा.

आदिवासी उद्यमिता दक्षता विकास प्रशिक्षण शिविर 9 से 12 फरवरी तक खेलगांव में

सोमवार को आयोजन समिति की राष्ट्रीय संयोजक सरोज लकड़ा, प्रवक्ता प्रभाकर तिर्की, टीएससी के पूर्व सदस्य रतन तिर्की, ट्राइब गण्डवाना एसोसिएशन के निदेशक देवलाल चेरवा और उद्यमी रमेश कच्छप ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस चार दिवसीय कार्यक्रम में देश के कई राज्यों से आदिवासी उद्यमी और प्रतिभागी शामिल होंगे. इस दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता उत्पादन, प्रसंस्करण, बाजार, व्यापार, ऋण से संबंधित जानकारी दी जायेगी.

रोजगार व्यावसाय के विभिन्न आयामों की जानकारी मिलेगी

 कार्यक्रम में रोजगार, उद्यमिता, व्यावसाय से जुड़े विभिन्न आयामों की जानकारी दी जायेगी. विभिन्न विभागों में संचालित आदिवासी योजनाओं, अनुदान, बिजनेस लाइसेंस, पूंजी (ऋण) बाजार, निर्यात, एक्कीकरण एवं ऑर्गेनिक कृषि, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एवं  उत्पाद ब्रांडिंग, मार्केटिंग के महत्व की जानकारी दी जायेगी. इसके अलावा वनोपज ‍व वनौषोधियों, डेरी, डेरी फॉर्म, स्वास्थ्य, खनन, शिक्षा, खेल, मनोरंजन इको ‍व एग्रो टूरिज्म के क्षेत्रों में किस तरह से  काम किया जा सकता है इस भी चर्चा होगी.

देश भर से तीन हजार प्रतिभागी होंगे शामिल

इस आयोजन में पूरे देश के विभिन्न प्रदेशों से लगभग तीन हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है. इस प्रशिक्षण शिविर से स्वयं सहायता समूह, कृषि से जुड़े एवं बेरोजगार युवक युवतियों को लाभ होगा.

इस आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे और युवाओं को व्यावसायिक व उद्यमिता का प्रशिक्षण भी मिलेगा.

झारखंड से कई राज्यों के प्रशिक्षक देंगे जानकारी

कार्यक्रम में कई राज्यों से प्रशिक्षक आयेंगे. इनमें मुंबई से डॉ उल्लास जयंत, बिरसा ब्रिगेड के संस्थापक सतीश पेंदाम, तेलंगाना से रमाईया बोनेवोनिया, छत्तीसगढ़ से आरसी दुग्गा, डॉ नारवेन कासव टेकाम, मध्यप्रदेश से कुमार सिंह नेताम, झारखंड से खेलाराम मुर्मू, डॉ लक्ष्मण उरांव, रमेश कच्छप, प्रभाकर तिर्की, अमरनाथ लकड़ा, रतन तिर्की, प्रो प्रवीण उरांव सहित अन्य शामिल है. पं बंगाल से मूकवान विजय कुजूर, राजस्थान से कांतिभाई रोत, आंध्र प्रदेश से नेहरू मरावी शामिल है.

आयोजकों ने कहा कि झारखंड में सामाजिक व राजनीतिक क्रांति हो चुकी है हम इस आयोजन के जरिए आर्थिक क्रांति लाना चाहते हैं.

Leave a Comment