गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर दिखेगी वैद्यनाथ धाम की झांकी

RANCHI गणतंत्र दिवस 2023 के अवसर पर दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में झारखंड सहित 16 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों का चयन हुआ है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से झांकियों का प्रारूप मांगा था। विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के उपरांत केवल 16 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की झांकी का चयन हुआ। झारखंड की झांकी के प्रारूप को चयन प्रक्रिया में पदाधिकारियों द्वारा सराहा गया। नई दिल्ली में 19 जनवरी 2023 तक सभी चयनित राज्यों की झांकी को तैयार कर लेना है एवं पूरे परिधान के साथ 23 जनवरी 2023 को इनका रिहर्सल भी करा लिया जाना है।

झांकी का चयन गर्व की बात

गणतंत्र दिवस पर निकलने वाली झांकियों में झारखंड की झांकी का चयन होना राज्य के लिए गर्व की बात है। यहां के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस दिशा में काफी मेहनत से कार्य किया है। झारखण्ड सरकार द्वारा देवघर स्थित बाबा धाम परिसर के प्रारूप को काफी बेहतर ढंग से दिखाया गया, साथ ही देवघर में हो रहे विकास कार्यों को भी इसमें दर्शाया गया है। वहीं यहां की प्राचीन कला एवं धरती आबा बिरसा मुंडा के बारे में भी जानकारी दी गई। झांकी के आगे भगवान बिरसा मुण्डा को दर्शाया गया है। वहीं साइड पैनल पर झारखण्ड की आदिवासी कला सोहराई पेंटिंग दर्शायी जाएगी। पाईका कलाकार इसके साथ नृत्य करेंगे।

Leave a Comment