रांची नगर निगम का 2801 करोड़ का बजट पास

RANCHI: शुक्रवार को रांची नगर निगम परिषद की बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 2801 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया। वित्तीय वर्ष 2022-23 में 2757 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया था। मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में रांची नगर निगम में विभिन्न मदों से 284.53 करोड़ रुपये आय का लक्ष्य रखा गया है।

केंद्र व राज्य से 1662.72 करोड़ मिलेंगे

कर से 108.23 करोड़, निगम संपत्ति से किराया/शुल्क एवं उपयोगिता कर से 106.56 करोड़, बिक्री एवं किराया से 3.06 करोड़, राजस्व अनुदान एवं अंशदान से 50.75 करोड़, बैंक एवं इन्वेस्टमेंट से ब्याज 4.63 करोड़, निबंधन शुल्क या इसके क्षतिपूर्ति के लिए सरकारी सहायता से 6.06 करोड़ व अन्य मद से प्राप्तियों का लक्ष्य 4.63 करोड़ रुपये रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में शहरी विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत केंद्र व राज्य सरकार से कुल 1662.72 करोड़ रुपये प्राप्त होने व इसके विरुद्ध 1660.21 करोड़ खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है।

बॉन्ड से जुटाएंगे 200 करोड़

मेयर ने बताया कि राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत शहरी गरीबों के विकास व उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र प्रायोजित योजना के तहत व्यक्तिगत ऋण, समूह ऋण, कौशल विकास/प्रशिक्षण कार्यक्रम व शहरी गरीबों को संगठित करने के लिए सामुदायिक संरचना का निर्माण करना है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में इस योजना के लिए बजट में 92.61 करोड़ का प्रावधान किया गया है। साथ ही निगम के आय में वृद्धि के लिए BOND के माध्यम से 200 करोड़ रुपये प्राप्त करने का उद्देश्य है।

आय का 25% गरीबों के विकास में

वित्तीय वर्ष 2023-24 में शहरी गरीबों के विकास के लिए नगर निगम के अपने स्रोतों से अनुमानित आय का 25 प्रतिशत राशि अर्थात 57.29 करोड़ रुपये खर्च किया जाना है। इस राशि से जिन मोहल्लों में विकास कार्य होगा, उसके लिए समेकित योजना तैयार की जाएगी। रांची नगर निगम का प्रयास होगा कि उन मोहल्लों में इलेक्ट्रिक पोलों पर LED लैंप लगाए जाएं। नाली, पथ, शिक्षा व्यवस्था, जलापूर्ति, सामुदायिक भवन व सार्वजनिक शौचालय का निर्माण हो।

पथ निर्माण के लिए 150 करोड़

इसके अलावा बजट में नाली निर्माण के लिए 74.11 करोड़, पथ निर्माण के लिए 149.67 करोड़ व 15वें वित्त आयोग से ली जाने वाली योजनाओं के लिए 110 करोड़ रुपये का प्रवधान किया गया है। 15वें वित्त आयोग से 110 करोड़ रुपये प्राप्त होने की संभावना है। इस राशि से ठोस अपशिष्ट के प्रबंधन व शहरी जलापूर्ति के लिए विभिन्न योजनाएं ली जाएंगी। साथ ही फॉगिंग मशीन क्रय करने के लिए बजट में 2.59 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सिटी डेवलपमेंट के लिए 284 करोड़

वित्तीय वर्ष 2023-24 में रांची नगर निगम ने अपने स्रोतों से 284.53 करोड़ रुपये के आय का अनुमान किया है। इस वित्तीय वर्ष में सिटी डेवलपमेंट प्लान के लिए दो करोड़ रुपये प्रस्तावित किया गया है। इस वित्तीय वर्ष में कार्य योजना बनाकर व अन्य INNOVATIVE IDEA को ADOPT कर सुधार करने का प्रयास किया जाएगा। आउटसोर्सिंग के माध्यम से सेवा प्राप्त कर व कर्मियों की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सेवा के साथ-साथ राजस्व प्राप्ति सुनिश्चित किया जा सके और रांची नगर निगम स्वावलंबी संस्थान के रूप में विकसित हो सके।

बजट में किए गए प्रावधान (करोड़ में)

  • रांची वाटर सप्लाई (जेएनएनयूआरएम) : 2,41,78,94,966
  • ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (जेएनएनयूआरएम) : 50,93,55,000
  • सिटी बस की खरीदारी (जेएनएनयूआरएम) : 4,24,46,250
  • सीवरेज एंड ड्रेनेज (जेएनएनयूआरएम) : 2,20,00,00,000
  • Modern Abattoir House : 3,63,82,500
  • राजीव आवास योजना : 11,90,70,000
  • स्वच्छ भारत मिशन : 22,10,60,070
  • प्रधानमंत्री आवास योजना : 60,63,75,000
  • 15वें वित्त आयोग : 1,05,00,00,000
  • Purchase of Sucction Machine : 66,70,12,500
  • AMRUT : 10,67,22,000
  • आपदा प्रबंधन : 6,67,01,250
  • नागरिक सुविधा : 33,07,50,000
  • पार्क/डेवलपमेंट/प्लांटेशन/ब्यूटीफिकेशन : 4,00,20,750
  • कम्युनिटी हॉल : 1,10,25,000
  • वार्ड ऑफिस : 5,33,61,000
  • सीवरेज एंड स्टॉर्म वाटर ड्रेन : 26,68,05,000
  • Health, Education and Fire Service : 42,00,00,000
  • Town Hall Cum Exibition Hall : 13,34,02,500
  • वाटर सप्लाई एंड साफ सफाई : 4,41,00,000
  • लाइटिंग अरेंजमेंट : 26,68,05,000
  • रैन बसेरा/शॉपिंग काम्प्लेक्स/कम्युनिटी हॉल/टाउन हॉल/बर्निंग घाट : 22,67,84,250
  • वेंडिंग जोन फॉर अर्बन फेरीवाला : 26,68,05,000
  • अर्बन ट्रांसपोर्ट/ट्रांसपोर्टेशन/रोड/काम्प्लेक्स अर्बन इंफ्रास्ट्रक्टर : 66,15,00,000
  • New E-Rickshaw : 1,33,40,250
  • HYDTW : 26,68,05,000
  • TRAFFIC SYSTEM MAINTENANCE : 5,51,25,000
  • यूरिनल कंस्ट्रक्शन : 1,60,08,300

Leave a Comment