
रांची।
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और कारोबारी के ठिकाने पर आयकर विभाग की छापेमारी चौथे दिन भी जारी रही। ओडिशा, रांची और लोहरदगा में लगभग पांच ठिकाने पर यह छापेमारी चली। लोहरदगा से सांसद के यहां से आयकर अधिकारियों ने कई दस्तावेजों को बरामद किया है। इनकी जांच से संपत्ति, कारोबार और आय से संबंधित कई जानकारियां प्राप्त होने की उम्मीद है।
अभी तक सांसद के यहां से 300 करोड़ से ज्यादा कैश बरामद किए जा चुके हैं। नोटों की गिनती जारी है। यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि अलमारियों में पड़ी हुई नोटो की गड्डियां सिर्फ पैसा नहीं है। किसी की बर्बाद फसल का मुआवजा है। किसी बेटी की पढ़ाई का खर्चा है। किसी युवा के फॉर्म का आखरी बचा पैसा है जिसे वह महीने भर एक समय का खाना न खाकर फॉर्म भरने के लए बचाकर रखा था। झारखंड की गरीब और वंचित जनता की आखिरी उम्मीद है अलमारी में पड़ा वो पैसा, जिसके इंतजार में न जाने कितने लोगों की जान चली गयी।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तंज कसा है। हालांकि इस मामले पर अभी तक इंडिया गठबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। दूसरी ओर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बयान जारी कर खुलकर धीरज साहू का समर्थन किया है। राजेश गुप्ता ने कहा है कि धीरज साहू को सामाजिक और राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।