
रांची.
रांची में गुलाबी ठंड की शुरूआत हो गई है. इसी के साथ सर्कुलर रोड स्थित महेंद्र प्रसाद महिला महाविद्यालय के पास निर्वासित तिब्बती पोताला मार्केट का उद्घाटन हुआ. उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता सीपी सिंह उपस्थित थें. इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सालों से तिब्बती समुदाय के लोग आकर रांची में गर्म कपड़ों का स्टॉल लगाते हैं. यहां पर लोगों को अच्छी चीजें मिल रही हैं.
मौके पर नागपुरी गायक मुकुंद नायक व उनकी टीम ने नागपुरी गीतों की भी प्रस्तुति दी.
इससे पूर्व पोताला मार्केट के अध्यक्ष तेनजिंग हुंडूप ने कहा कि तिब्बती लोग बीते 53 सालों से रांची में पोताला मार्केट लगा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि तिब्बत से हमलोगों के निर्वासन के 64 वर्ष पूरे हो चुके हैं. इन वर्षों में तिब्बत को चीन ने सैनिक छावनी में बदल दिया है. तिब्बती संस्कृति पर भी प्रहार किए गए हैं. और परमाणु कचरे का भी निस्तारण इसी क्षेत्र में किया जाता है. उन्होंने कहा कि चीनी अत्याचारों के खिलाफ सैकड़ों तिब्बतियों एवं भिक्षुओं ने आत्मदाह किया है.
उन्होंने कहा कि निर्वासित तिब्बतियों को भारत से हमेशा सहयोग मिला है और उम्मीद है कि हमें आगे भी यह सहयोग मिलेगा. अभी भारत में लगभग डेढ़ लाख तिब्बती लोग रहे हैं. ये धर्मशाला सहित अन्य स्थानों पर रहते हैं. ठंड के दिनों में रांची सहित देश के कई शहरों में गर्म कपड़ों की बिक्री के लिए प्रवास करते हैं.
मार्केट में 58 स्टॉल, गर्म कपड़ों की दर्जनों वेराइटी
मार्केट में 58 स्टॉल लगे हैं. यहां गर्म कपड़ों की दर्जनों वेराईटी हैं. बच्चें, बड़े और महिलाओं के लिए स्वेटर, जैकेट, शाल, पोंजू, विंडचीटर, मोजे, टोपी और ग्लव्स उपलब्ध हैं. पैराशूट के कपड़े से बने
जैकेट 1280 रूपये की कीमत से उपलब्ध हैं. इसके अलावा काटन और वेलवेट के जैकेट भी उपलब्ध हैं.
इसके अलावा स्वेटर भी कई अलग अलग रंगों व डिजाइनों में उपलब्ध है.