
RANCHI: राजधानी में दोपहर के बाद मौसम अचानक से बदल गया। तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश ने कुछ देर के लिए जनजीवन रोक दिया। इस दौरान धुर्वा में वज्रपात से एक 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पारस हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। तेज हवा के कारण राजधानी के कई इलाकों में पेड़ गिरे है। इस वजह से कई वाहनों को भी नुकसान हुआ और कुछ रास्ते भी ब्लॉक हो गए थे।
बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित
राजधानी में दोपहर बाद अचानक बदले मौसम में आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई। शहर के कई इलाकों में पेड़ गिर जाने की वजह से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मेन रोड से लेकर कई इलाकों में पेड़ों के गिरने की घटना सामने आई है, जिसके कारण कई वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। आंधी की वजह से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।