ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए रांची को बांटा गया 6 जोन में
स्कूल बसें पिक-अप एवं ड्रापिंग प्वाइंट के अलावा स्टॉपेज नहीं करें

रांची शहर में 15 वर्ष से ज्यादा के अनफिट वाहनों को चिन्हित कर हटाएं. भीड़ वाले इलाकों से मंदिरों को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव दें. उक्त निर्देश रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने दिए. उन्होंने 21 फरवरी को रांची शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर बैठक की. ट्रैफिक व्यवस्था के सुधार के लिए रांची को 6 जोन में बांटा गया. उपायुक्त ने शार्ट, मीडियम और लॉन्ग टर्म के तहत ट्रैफिक व्यवस्था सुधार करने के निर्देश दिए.
एक माह में करें सुधार
बैठक में उपायुक्त द्वारा राज्यपाल एवं झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के आदेश के अनुपालन में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिये गये. उपायुक्त ने शार्ट, मीडियम और लॉन्ग टर्म के तहत ट्रैफिक व्यवस्था में एक माह के अंदर सुधार का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए.
डीटीओ अभियान चलाएं
उपायुक्त द्वारा 15 वर्ष से ज्यादा अनफिट वाहनों को चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिए गये. जिला परिवहन पदाधिकारी को उपायुक्त ने इसे लेकर अभियान चलाने का निर्देश दिये.
ठेला वेंडर हटाने के आदेश
उपायुक्त द्वारा ट्रैफिक रूट कंट्रोल करने एवं ई-रिक्शा का जोन तय करने, सात दिन के अंदर ठेला वेंडर हटाने एवं लालपुर से कोकर चौक तक वेजिटेबल मार्केट शिफ्ट कराने के निर्देश दिए. अतिक्रमण हटाने के दौरान वीडियोग्राफी कराने को कहा.
अवैध अतिक्रमण हटाएं
उपायुक्त ने रांची शहर के सभी स्कूल बस का स्टॉपेज पिक-अप एवं ड्रापिंग प्वाइंट के अलावा ना हो, इसे लेकर अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिए. उपायुक्त द्वारा 5-5 लोगों की टीम गठन करते हुए राजेंद्र चौक, हाई कोर्ट एवं बिरसा चौक में अवैध अतिक्रमण चिन्हित कर हटाने के आदेश दिए गये. उन्होंने कहा कि बिजली के खंभे, प्रचार बोर्ड, साईकल स्टैंड में लगे प्रचार सामग्री भी हटायें.
नया ऑटो परमिट नहीं दें
उपायुक्त द्वारा न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड को नागबाबा खटाल शिफ्ट करने निर्देश दिए गए, ताकि जाम की समस्या नहीं हो. ऑटो स्टैंड चिन्हित करने का निर्देश देते हुए नया ऑटो परमिट नहीं देने के निर्देश उपायुक्त द्वारा दिए गए.
सड़कों का चौड़ीकरण
उपायुक्त द्वारा यातायात पुलिस को जो उपकरण की आवश्यकता हैं, उसकी सूची बनाकर देने एवं इसके खरीद की राशि में लगने वाला व्यय की सूची देने का निर्देश दिया गया। विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण के लिए आरसीडी से जानकारी मांगी गई. संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए आरसीडी से प्रस्ताव बनाने को कहा.
दस बोलेरो खरीदें
उपायुक्त द्वारा न्यू मार्केट के पास और अन्य जगह सरकारी भवन या बॉउंड्रीवाल को तोड़ कर सड़क चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव संबंधित अधिकारियों से मांगा, ताकि इसे तोड़ कर सड़क चौड़ीकरण कर ट्रैफिक की समस्या को दूर किया जा सके. उपायुक्त द्वारा दस बोलेरो विधि व्यवस्था एवं अन्य कार्य के लिए खरीदने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया.
ड्राइविंग लाइसेंस जरूरी
उपायुक्त द्वारा किशोरी यादव चौक के पास नालों के स्लैब को रोड के लेवल तक करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने ई-रिक्शा चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस कंपल्सरी करने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया, ताकि 18 वर्ष से कम व्यक्ति ई रिक्शा नहीं चलायें.
यातायात थानों को काम बांटे
उपायुक्त द्वारा विभिन्न चौक चौराहों को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए यातायात थानों को कार्य बंटवारा एवं अतिरिक्त यातायात थानों का सृजन करने के निर्देश दिये गये.
चौक-चौराहों को लेफ्ट फ्री करें
उपायुक्त द्वारा महत्वपूर्ण चौक जैसे न्यू मार्केट चौक, जेल चौक, लालपुर चौक, सुजाता चौक, शहीद चौक के जंक्शन इम्प्रूवमेंट करने के निर्देश दिया गया. महत्वपूर्ण चौक-चौराहों को लेफ्ट फ्री करने एवं अरगोड़ा ऑटो स्टैंड के लिए स्थल चयन, फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने, पैदल चलने वालें नागरिकों की सुगमता के लिए पेबर ब्लॉक लगाने के निर्देश दिया गया.
मल्टीस्टोरेज पार्किंग का प्रस्ताव
उपायुक्त द्वारा बकरी बाजार एवं डेली मार्केट थाना (मेन रोड) मल्टीस्टोरेज पार्किंग एवं नागा बाबा खटाल के पास ऑटो स्टैंड के लिए स्थल चयन एवं पार्किंग व्यवस्था, भीड़-भाड़ वाले इलाकों से मंदिरों को स्थानान्तरित करने एवं यातायात कार्य के लिए होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति पर चर्चा करते हुए सभी पर संबंधित अधिकारियों से प्रस्ताव मांगा गया.
बैठक में ये अधिकारी मौजूद
समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, नगर सह प्रभारी पुलिस अधीक्षक यातायात नौशाद आलम, नगर निगम के उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, रांची अनुमंडल पदाधिकारी दीपक कुमार दुबे, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक) जीतवाहन उरांव एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.