सरना धर्मकोड दे अन्यथा 30 दिसंबर को भारत बंद के लिए सड़कों पर उतरेंगे

रांची।
आदिवासी सेंगेल अभियान की जनसभा बुधवार को मोरहाबादी मैदान में हुई। जनसभा में झारखंड के अलावा बिहार, बंगाल, ओडिशा, असम, त्रिपुरा व अरुणाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग जुटे और अपने हक के लिए आवाज बुलंद की।
इस अवसर पर आदिवासी सेंगेल अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने कहा कि आज बड़ी संख्या में कई राज्यों से आदिवासी अपने हक, अधिकार और धार्मिक आजादी के लिए जुटे हैं। उन्होंने कहा कि सेंगेल अभियान की मांग है कि अविलंब आदिवासियों को सरना धर्म कोड दिया जाए। सरना धर्म कोड के बिना आदिवासियों को कहीं हिंदू तो कहीं ईसाई और कहीं अन्य धर्मों में शामिल कर लिया जाता है। सालखन ने कहा कि अगर जल्दी ही केंद्र सरकार आदिवासियों को सरना कोड नहीं देती है तो 30 दिसंबर को भारत बंद किया जायेगा। इसके तहत आदिवासी सेंगेल अभियान के कार्यकर्ता सड़क और रेल मार्ग जाम करेंगे।
सालखन मुर्मू ने कहा कि आदिवासियों की हकमारी के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां व आदिवासी संगठन जिम्मेदार हैं। आजादी के कुछ सालों के बाद तक आदिवासियों के लिए जनगणना कॉलम में धर्म कोड था लेकिन कांग्रेस ने उसे हटा लिया था। इसी तरह भाजपा भी अब जबरन आदिवासियों को हिंदू साबित करना चाहती है। सरना धर्मावलंबियों को अबतक अलग कोड नहीं देना उनके संवैधानिक अधिकारों पर हमला है। धार्मिक गुलामी की यह प्रताड़ना भारतरत के आदिवासियों को जबरन हिंदू, मुसलमान या ईसाई बनने पर मजबूर करती है।
सालखन मुर्मू ने कहा कि अब आदिवासियों को नये तरह की राजनीति की जरूरत है। आदिवासी सेंगेल अभियान धार्मिक पहचान को केंद्र में रखकर आदिवासियों के लिए राजनीति करने का काम कर रहा है।
प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
सालखन मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झारखंड दौरे को लेकर पत्र जारी किया है। इसमें उन्होने कहा है कि आप भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन पर झारखंड आ रहे हैं। आदिवासी सेंगेल अभियान आपका स्वागत करता है। आपने राष्ट्रपति के पद पर द्रौपदी मुर्मू को पदस्थापित कर संपूर्ण भारत के आदिवासियों को गौरवान्वित किया है। इसलिए आपको इस दौरे पर देश के आदिवासियों को सरना कोड प्रदान कर उन्हें धार्मिक आजादी प्रदान करना चाहिए।
इनलोगों ने भी संबोधित किया
जनसभा को असम के सोहन हेमरोम, अरुणाचल प्रदेश के सपन सोरेन, बिहार के विश्वनाथ टुडू, सुमित्रा मुर्मू सहित अन्य ने भी संबोधित किया।