
RANCHI: मार्च माह के पहले सप्ताह में रांची में प्रस्तावित G20 summit को लेकर अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन की अध्यक्षता में सभी शाखा प्रभारियों, जोनल सुपरवाइजर व सुपरवाइजरो के साथ बैठक हुई। उन्होंने कहा कि जिस रास्ते से डेलीगेट्स आएंगे उसकी विशेष रूप से साफ़-सफ़ाई करने की जरूरत है। उन्होंने अब तक के किए गए सफ़ाई कार्यों की प्रगति के अलावा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हमारे यहां बाहर से डेलीगेट्स आएंगे तो शहर की अलग छवि बने इसका ध्यान रखना होगा। साथ ही कहा कि प्रतिदिन नियमित सफाई कराई जाए। शहर में कही भी कूड़ा फैला हुआ नजर न आए। इसके अलावा शहर की सभी बड़ी-छोटी नालियों की सफ़ाई कर स्लैब से ढंकने को कहा।
तीन रूट्स से होगा आवागमन
अपर नगर आयुक्त ने स्वच्छता शाखा को निदेश दिया कि निर्धारित तीन रूट एयरपोर्ट-हिनू चौक, डीपीएस चौक, डिबडीह पुल से अरगोड़ा चौक तक, दूसरा रूट अरगोड़ा चौक से हज हाउस से होते हुए रेडिसन ब्लू होटल और सुजाता चौक से लेकर सिरम टोली चौक होते हुए बीएनआर चाणक्य होटल तक तथा तीसरा रूट अरगोड़ा चौक से हरमू, किशोरगंज चौक रातू रोड चौक होते हुए कांके रोड तक पूर्ण सफ़ाई सुनिश्चित करें। सभी चौक-चौराहों में नियमित रूप से झाड़ू, कूड़े का उठाव, ब्लीचिंग पाउडर के साथ एंटी लार्वा दवा का छिड़काव, झाड़ियों की कटाई कार्य में तेजी लाने को कहा। मुख्य चौक-चौराहों पर रंग-रोगन, महापुरुषों के मूर्तियों की सफ़ाई, सुलभ शौचालयो की सफ़ाई भी रेगुलर करें। उन्होंने कहा कि रोड की सफाई रात में mechanised sweeping machine से कराएं।
ये भी निर्देश
- निगम क्षेत्रांतर्गत सभी सुलभ शौचालय एवं मॉड्यूलर टॉयलेट की पूर्ण सफाई
- विद्युत शाखा तय रूट की स्ट्रीट लाइट को जल्द से जल्द दुरुस्त करें
- अनावश्यक रूप से दिखने वाले केबल तार को त्वरित हटवाए
- होर्टिकल्चर शाखा को मुख्य मार्गों के डिवाइडर पर मौसमी फूलों को लगाए
- सूखे पड़े पेड़ की डालियों/ टहनियों को ट्रिम करें
- वर्टिकल गार्डन को साफ करते हुए सूखे पौधों को बदले
- नो वेंडिंग जोन में खड़े दुकानों को हटाने और रोड किनारे अतिक्रमण करने वालो पर कार्रवाई करें
- नालियों के ऊपर एवं सड़क पर दुकान का विस्तार करे वालों के हटाना सुनिश्चित करें
- वेंडर्स, फल विक्रेताओं और व्यवसायिक प्रतिष्ठान द्वारा गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाएं
- शहर के मुख्य पथों पर भवन निर्माण सामग्री पाए जाने पर फाइन लगाएं
- प्लास्टिक का इस्तेमाल न हो और आसपास सफाई रहे
- ये रहे मौजूद
सहायक नगर आयुक्त शीतल कुमारी, जोनल सुपरवाइजर, सुपरवाइजर, ट्रांसपोर्ट शाखा के कर्मी, एमटीएस व अन्य कर्मी