
RANCHI: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रिम्स पहुंचे। सीएम के साथ स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के अलावा कई अधिकारी भी मौजूद थे। सबसे पहले उन्होंने विभिन्न विभागों में स्थापित नए उपकरणों का लोकार्पण किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रिम्स ऑडिटोरियम के इस सभागार में नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी चिकित्सा पदाधिकारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी के कंधों पर राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। आज से आप सभी लोग सरकार के अभिन्न अंग के रूप में कार्य करते हुए राज्य में स्वास्थ्य सेवा को और मजबूती प्रदान करेंगे।
स्वास्थ्य का जिम्मा आपके कंधों पर
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता हो या शहरी क्षेत्र की उनके स्वास्थ्य की रक्षा का जिम्मा अब आपके कंधों पर है। यह आप सभी जानते हैं कि राज्य के सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य की क्या स्थिति है, हो सकता है कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान आपके सामने हर दिन हर वक्त कई चुनौतियां आएंगी। इन चुनौतियों का सामना आप कैसे करेंगे यह आप पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि आज से सरकार आपकी जिम्मेदारी ले रही है और आज से ही इस राज्य के गरीब-गुरबा लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा की जिम्मेदारी आपको लेनी है।
मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा
रिम्स परिसर में नवनिर्मित अकादमी भवन का उद्घाटन, कार्डियोलॉजी एवं रेडियोलॉजी विभाग के चार महत्वपूर्ण मशीनों का लोकार्पण भी किया गया है। इन आधुनिक तकनीकों से लैस मशीनों से यहां इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराया जा सकेगा। झारखंड की बात करें तो यहां 70 से 80% लोग ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं और इन ग्रामीण लोगों को आज भी सरकारी व्यवस्था पर विश्वास है। हमारी सरकार कल्याणकारी सोच के साथ सभी वर्ग-समुदाय के लोगों को समान नजर से देखने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में भी बड़ी संख्या में चिकित्सकों, नर्सों सहित अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
कोविड के समय सीएम ने धैर्य दिखाया
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतरीन कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कोविड-19 के समय धैर्य पूर्वक बिना डरे-सहमे ऐतिहासिक कार्य कर झारखंड में लोगों की जान बचाने का कार्य कर दिखाया है। चिकित्सा पदाधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
क्या मिला झारखंड और रिम्स को
राज्य से एनीमिया मिटाने के संकल्प के साथ एनीमिया किट का लोकार्पण
नवनियुक्त चिकित्सा पदाधिकारियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण
रिम्स में नवनिर्मित ACADEMIC BHAWAN का उद्घाटन और BI-PLANE CATHLAB FOR CARDIOLOGY DEPARTMENT, SINGLE-PLANE CATHLAB FOR CARDIOLOGY DEPARTMENT, 4D ECHO FOR CARDIOLOGY तथा 128 SLICE CT FOR RADIOLOGY का भी लोकार्पण
ये रहे मौजूद
विधायक समरी लाल, विकास आयुक्त-सह- अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, प्रधान सचिव मुख्यमंत्री वंदना डाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, रिम्स निदेशक कामेश्वर प्रसाद, निदेशक आयुष फजलुस शमी