
रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में बुधवार को छठ पूजा को देखते हुए विधि-व्यवस्था को लेकर बैठक हुईं। बैठक में एसएसपी किशोर कौशल, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम, सिटी एसपी अंशुमन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर दीपक दुबे, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू, सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।
सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरीकेडिंग करे
लोक आस्था के महापर्व छठ में श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गयी। डीसी ने कहा कि इस बार सभी छठ घाटों में पानी लबालब भरा हुआ है, लोग गहरे पानी में न जायें इसके लिए सूचना पट्ट लगायें। साथ ही उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरीकेडिंग भी करें। छठ घाटों और घाट तक जानेवाले रास्ते में साफ-सफाई और लाइट की व्यवस्था व्यापक रूप से करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में छठ पूजा समितियों और आमजनों से सहयोग भी लिया जा सकता है ताकि व्रतियों को अच्छी से अच्छी व्यवस्था मिल सके।
घाटों पर न हो आतिशबाजी
संबंधित अधिकारियों को अर्घ्य के दौरान छठ घाटों पर आतिशबाजी न हो इसका ध्यान रखने का निदेश दिया गया। अर्घ्य के दौरान छठ घाटों पर व्रती कतार में होते हैं, ऐसे में आतिशबाजी के कारण कोई अप्रिय घटना न हो इसका ध्यान रखें। बैठक में डीसी ने सभी सीएचसी, पीएचसी एवं जिला स्तर पर सभी अस्पतालों में इमरजेंसी व्यवस्था रखने तथा सदर अस्पताल रांची तक एम्बुलेंस की व्यवस्था करने का निदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय और तालमेल से कार्य का निर्वहन करेंगे।
रात भर पेट्रोलिंग का निर्देश
एसएसपी किशोर कौशल ने कहा कि बारिश ज्यादा होने के कारण छठ घाटों में पानी ज्यादा है, इसके लिए डिमार्केशन सुनिश्चित करें। सभी छठ घाटों में लाइटिंग की पूर्ण व्यवस्था करने के साथ रात की पेट्रोलिंग पूरी सतर्कता से करने का निदेश दिया। आवश्यक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें। भीड-भाड़ वाले स्थानों में आतिशबाजी और छेड़खानी की घटना न हो इसे लेकर भी एसएसपी ने सतर्कता बरतने की बात कही।