10 अक्तूबर को कार्डिनल की अंतिम यात्रा, 11 को होगा दफन संस्कार

10 अक्तूबर को कार्डिनल की अंतिम यात्रा, 11 को होगा दफन संस्कार

रांची.

 कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो का अंतिम संस्कार संत मरिया महागिरजाघर में 11अक्तूबर को होगा. तब तक उनका पार्थिव शरीर मांडर स्थित कांस्टेंट लीवंस अस्पताल में ही सुरक्षित तरीके से रखा जायेगा. 

दफन संस्कार से एक दिन पूर्व 10 अक्तूबर को कार्डिनल की अंतिम यात्रा मांडर स्थित कांस्टेंट लीवंस अस्पताल से पुरूलिया रोड स्थित संत मरिया महागिरजाघर में लाया जायेगा. जहां दिन के 3 बजे से लेकर 11 अक्तूबर दिन के 12 बजे तक विश्वासी उनका अंतिम दर्शन कर सकेंगे.  12 बजे के बाद लोयला मैदान में धर्मविधि होगी. फिर अपराहृन 4 बजे के लगभग महागिरजाघर के परिसर में बेरियल (दफन संस्कार) संपन्न होगा.

यह निर्णय गुरुवार को आर्चबिशप हाउस में आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो की अंध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया. बैठक में प्रोविंशियल अजीत खेस, फादर अजय कुमार खलखो, संत  अल्बर्ट कॉलेज के फादर डेविड खलखो, सिस्टर लिली ग्रेस तोपनो, सिस्टर ईवा सहित अन्य उपस्थित थे.

जानकारी के अनुसार सहायक बिशप थियोडोर मास्करेहंस अभी रोम में हैं. वे 9 अक्तूबर को रांची  वापस आ जायेंगे. इसके अलावा देश व विदेशों से भी बिशप, पुरोहित व अन्य विशिष्ट लोगों के अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना  हैं. जिसको लेकर तैयारियां  की जा रही हैं.

जगह जगह हो रही प्रार्थनाएं

कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो के निधन पर लोग शोकाकुल हैं. जगह जगह प्रार्थनाओं का दौर जारी है.

आर्चबिशप हाउस में कार्डिनल की बड़ी सी तस्वीर लगाई गई है जहां मोमबत्तियां जल रही है. इसके अलावा रांची महाधर्मप्रांत के विभिन्न पल्लियों के गिरजाघरों व टोले मोहल्लों में कार्डिनल  के लिए प्रार्थना की जा रही है.

कार्डिनल के निधन से हम सभी दुखी : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज आर्च बिशप फेलिक्स टोप्पो ने मुलाकात की। उन्होंने  मुख्यमंत्री को बताया कि कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो के अंतिम संस्कार की धर्मविधि  11 अक्टूबर को पूरी की जाएगी।  विशेष प्रार्थना सभा  के उपरांत उनका अंतिम संस्कार होगा।। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनार्थ रखा जाएगा।  मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो के निधन से हम सभी काफी दुखी हैं। उनके साथ हमारे रिश्ते काफी पुराने रहे हैं। उनका हमेशा ही हम लोगों को सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा । वे हमेशा ही समाज और राज्य के विकास और हित की बात करते थे । उनका निधन हमारे लिए  व्यक्तिगत क्षति है। वे हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। उन्हें शत-शत नमन।  ज्ञात हो कि कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो का चार अक्टूबर को निधन हो गया था।

Leave a Comment