राज्य के सबसे बड़े हॉस्पिटल रिम्स में स्पेशलिस्ट डॉक्टर तो तैयार होते ही है. अब यहां पर मेडिकल रिकार्ड आफिसर्स और टेक्निशियन भी तैयार होंगे, जो किसी भी हॉस्पिटल के मेडिकल रिकार्ड डिपार्टमेंट में अपनी सेवा दे सकते है. अब इसकी भी पढ़ाई रिम्स में शुरू होने जा रही है. जहां पर फर्स्ट बैच के लिए एडमिशन शुरू हो चुका है. इस कोर्स के लिए स्टूडेंट्स से कोई फीस नहीं ली जाएगी. वहीं कोर्स कंडक्ट कराने का काम सेंट्रल ब्यूरो आफ हेल्थ इंटेलीजेंस (सीबीएचआई) भारत सरकार नई दिल्ली की ओर से कराया जाएगा. स्टूडेंट्स के लिए इन क्लास ट्रेनिंग की व्यवस्था रिम्स में ही की जाएगी.
छह महीने का होगा कोर्स
रिम्स में पहली बार शुरू हो रहे इस कोर्स में हर बैच में 20 सीटों पर एडमिशन होगा. मेडिकल रिकार्ड आफिसर्स के लिए 6 महीने के कोर्स के बाद 6 महीने ट्रेनिंग भी करना होगा. वहीं मेडिकल रिकार्ड टेक्निशियन के लिए 6 महीने का इन क्लास ट्रेनिंग कोर्स होगा. पहला बैच 1 जनवरी 2023 से 30 जून 2023 तक चलेगा. जबकि दूसरा बैच 1 जुलाई से लेकर 31 दिसंबर 2023 तक चलेगा. फर्स्ट बैच के लिए अप्लाई करने की डेट 31 अक्टूबर 2022 है. वहीं सेकेंड बैच के लिए 30 अप्रैल 2023 तक आवेदन कर सकते है. पूरी जानकारी https://www.rimsranchi.ac.in/ वेबसाइट पर उपलब्ध है.