रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार अभियान के तहत 5 जिलों गुमला, गोड्डा, सरायकेला-खरसांवा, गढ़वा तथा बोकारों के लाभुकों से वीडियो काफ्रेंसिंग के जरिए सीधा संवाद किया. इस दौरान उन्होंने लाभुकों से कहा कि आपके लिए बनी योजनाओं के साथ सरकार आपके द्वार पहुंच रही है. पदाधिकारी गांव-गांव, घर-घर तक योजनाओं को लेकर जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि सभी लोग इस अभियान के तहत शिविरों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और राज्य सरकार की भावी योजनाओं से जुड़े.

गुमला की स्वाति को किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ा गया
गुमला जिले के लाभुक राम खड़िया से मुख्यमंत्री ने जोहार कहकर संवाद किया. राम खड़िया ने बताया कि उन्हें राज्य सरकार की ओर से मनरेगा के तहत शुकर शेड का लाभ मिला है. गुमला जिले की ही एक अन्य लाभुक स्वाति कुमारी एवं उसकी मां करुणा देवी की भी मुख्यमंत्री से बात हुई. स्वाति कुमारी को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ा गया है.
मुख्यमंत्री ने स्वाति से कहा कि अब आपकी पढ़ाई की चिंता सरकार करेगी. राज्य सरकार ने छात्रवृति की राशि में तीन गुना वृद्धि किया है.बोकारो जिले की लाभुक यशोदा देवी ने भी मुख्यमंत्री के साथ सीधा संवाद किया. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें फूलो झानो आशीर्वाद योजना से जोड़ा गया है.
गढ़वा जिले से जुड़ी लाभुक देवंती देवी ने कहा कि उन्हें फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 10 हजार रुपए का लाभ मिला है. वे पशुपालन व्यवसाय कर परिवार का भरण पोषण कर रही हैं. गढ़वा जिला की ही एक अन्य लाभुक कविता कुमारी ने मुख्यमंत्री से कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराया गया है.
सरायकेला खरसांवा में मंत्री खुद रहे उपस्थित
सरायकेला-खरसांवा जिले में लगे शिविर में राज्य सरकार के मंत्री चंपई सोरेन भी उपस्थित थे. मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया. कहा कि इसी प्रकार सभी मंत्री, सभी सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शिविरों में जाएं और योजनाओं का लाभ गांव घर के लाभुकों तक पहुंचाए.