
SARAIKELA: सरायकेला थाना अंतर्गत सरायकेला- राजनगर बाईपास मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप मोड़ के समीप मंगलवार दोपहर भीषण सड़क दुर्घटना हुई। जिसमें टाटा की ओर से आ रहे खाली ट्रक संख्या बीआर 02 एए-1962 ने इ स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी चालक की वहीं मौत हो गई। उनकी पहचान राजनगर के कृष्णापुर निवासी 55 वर्षीय श्याम चंद्र दास के रूप में की गई है। स्कूटी ट्रक में फंस कर लगभग 2 किलोमीटर दूर तक घिसटता रहा। उधर घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ ट्रक का पीछा करते हुए 2 किलोमीटर तक कालापाथर पहुंचे। जहां ट्रक चालक ट्रक खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ट्रक को जप्त कर थाना ले आई है। मामले की छानबीन शुरू कर दी।
इ स्कूटी से जा रहे थे सरायकेला
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि राजनगर के कृष्णापुर निवासी श्याम चंद्र दास अपनी इ स्कूटी से राजनगर से सरायकेला की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी तेज गति से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। घटनास्थल पर भाजपा नेता मनोज कुमार चौधरी ने गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि रोड तो अच्छी बनी है। जिस पर संयम से चलने की आवश्यकता है। इसके लिए प्रशासन भी तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने का कार्य करें। सरायकेला विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है।
हिट एंड रन का मामला दर्ज करने की मांग
मौके पर उपस्थित लोगों ने घटना पर हिट एंड रन का मामला बनाए जाने की मांग रखी। बता दें कि जिले की ट्रैफिक व्यवस्था हाल के दिनों में पूरी तरह चौपट हो गई है। बिना किसी डर के वाहन चालक ओवरलोड गाड़ियों को लेकर धड़ल्ले से चल रहे हैं। उनको रोकने वाला कोई नहीं है। यातायात विभाग के अफसर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के नाम पर चालान काटने में मस्त है और आम जनता बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था से त्रस्त है। सरायकेला जिला मुख्यालय होने के बावजूद जिला ट्रैफिक पुलिस कुम्भकर्णी नींद में सोया है। पूरा ट्रैफिक पुलिस जिला मुख्यालय की व्यवस्था सुधारने की दिशा में लापरवाही और अकर्मण्यता दिखा रहा है। इससे उनके कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। नतीजा ये है कि जिला मुख्यालय में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने में ट्रैफिक विभाग के अफसर दिलचस्पी नहीं ले रहे।