विधानसभा स्पीकर रबींद्रनाथ महतो घाना के दौरे पर

अकरा/ रांची
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो 66वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की बैठक में भाग लेने के लिए घाना की राजधानी अकरा में छः दिवसीय दौरे पर हैं।
घाना पहुंचकर उन्होंने भारत घाना कोफ़ी अन्नान सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र पर अवस्थित महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने अकरा में स्थानीय मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि भारत और घाना दोनो ही विश्व में लोकतंत्र के ध्वजवाहक हैं।
जहाँ एक ओर भारत महात्मा गाँधी के विचारों की अलख पूरी दुनिया में जला रहा है, वहीं दूसरी ओर क्वामे न्क्रुमा द्वारा स्थापित लोकतंत्र को घाना गणराज्य में मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।
हालांकि कुछ समय के लिए सैन्य शासन ने घाना में सत्ता संभाली थी। पर तीस वर्षों से अनवरत यहाँ लोकतंत्र कायम है।
जबकि भारत लगातार लोकतांत्रिक और कल्याणकारी व्यवस्था के रूप में कायम है और विश्व के सबसे बड़े जनसमुदाय के रूप में अपनी पूरी विविधता के साथ विकास के पथ पर अग्रसर है।
अध्यक्ष ने विश्व में शांति और भाईचारे को बढ़ाने में संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्व महासचिव कोफ़ी अन्नान के योगदानों की भी चर्चा की जो घाना के ही थे।
अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र मण्डल संसदीय संघ, विश्व का सबसे पुराना एवं सबसे बड़ा संसदीय राष्ट्रों का गठबंधन है। पूरे विश्व में संसदीय व्यवस्था को और कारगर और लोक हितकारी बनाने में इसका महत्वपूर्ण योगदान है।
रबीन्द्र नाथ महतो 6 दिनों के इस सम्मेलन में तीन विषयों पर अपने वक्तव्य विश्व पटल पर रखेंगे।
इनमें पहला विषय है- ऊर्जा संकट और पर्यावरण संरक्षण, दूसरा- संसद में महिला आरक्षण का महिला सशक्तिकरण में योगदान और तीसरा विषय है- ई संसद के माध्यम से संसदीय प्रक्रिया को और कारगर बनाया जाना।