धीरज साहू को एक और झटका, कांग्रेस ने झाड़ा पल्ला, हाईकमान ने मांगा स्पष्टीकरण

धीरज साहू को एक और झटका, कांग्रेस ने झाड़ा पल्ला, हाईकमान ने मांगा स्पष्टीकरण

रांचीः

आयकर विभाग की छापेमारी के बाद से परेशानी का सामना कर रहे सांसद धीरज साहू को एक और झटका लगा है। छापेमारी के बाद धीरज साहू के यहां से लगभग 300 करोड़ कैश की बरामदगी मामले में कांग्रेस ने खुद को किनारा कर लिया है। रविवार को संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने साफ तौर पर कहा है कि इन सब मामलों से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। चूंकि, धीरज साहू पार्टी से राज्यसभा सांसद हैं इस नाते उनसे पार्टी हाईकमान ने स्पष्टीकरण मांगा है और कहा कि जो भी परिस्थिति बनी है उसे स्पष्ट करें। कहां से पैसा आया और ये पैसे किसके हैं, सारी बातों को साफ करें.

अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस किसी विधायक, सांसद के बल पर नहीं है। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा के ऑपरेशन लोटस के जरिये पूरे देश में इन दिनों कांग्रेस के खिलाफ खुलेआम साजिश रची जा रही है। जिसकी उन्होंने निंदा भी की। उन्होंने कहा कि जो भी मामले हो रहे हैं उससे कांग्रेस को बेवजह जोड़ने की साजिश हो रही है। झारखंड में भी जिस दिन से महागठबंधन की सरकार बनी है उस दिन से यहां भी साजिश रचने का काम हो रहा है, जो सही नहीं है।

छत्तीसगढ़ चुनाव के मसले पर उन्होंने कहा कि यह परसेप्शन ऑफ करप्शन का ही नतीजा है कि परिणाम ऐसा आया। इस परिणाम से पूरी पार्टी अचंभित है। क्योंकि, पार्टी को इस तरह के नतीजे आने की उम्मीद नहीं थी। पार्टी समीक्षा कर रही है। अब आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी की जा रही है। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर. पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, विपणन पर्षद के अध्यक्ष रवींद्र सिंह, मौजूद थे.

Leave a Comment