मामला सरायकेला-खारसावां के ईचागढ़ का, कंपनी ने नौ लाख से ज्यादा की बकाया मजदूरी का भुगतान किया
श्रम विभाग के तहत फिया फाउंडेशन के राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की रही महत्वपूर्ण भूमिका
RANCHI :
श्रम विभाग झारखंड सरकार और फिया फाउंडेशन द्वारा संचालित राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) ने मजदूरों के बकाये मजदूरी 919560 नौ लाख उन्नीस हजार पांच सौ साठ रूपए का भुगतान कराया है. यह मामला सरायकेला-खरसांवा के ईचागढ़ प्रखंड (पंचायत सूडो) का है.

यहां की भारत निर्माण कंपनी ने काम कराने के बाद भी 52 मजदूरों को पैसे नहीं दिए थे. मजदूरों को कंपनी के ऊपर नौ लाख रूपए से ज्यादा की राशि बकाया था. कंपनी ने न सिर्फ श्रम कानूनों का उल्लंघन किया था बल्कि मजदूरों की शिकायत पर भी ध्यान नहीं दिया था.
कंपनी को अविलंब भुगतान करने को कहा गया था
बताया जाता है कि सभी मजदूर ईचागढ़ के निवासी दीपक कुमार महतो की पत्नी ठाकुरमुनी महतो के साथ अपने ही सूडो पंचायत के भारत निर्माण कंस्ट्रक्शन कंपनी में मजदूरी करने गए थें. फिया फाउंडेशन के राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) के इंचार्ज धीरज होरो ने बताया कि बकाये भुगतान का यह मामला ट्विटर के माध्यम से राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष( कंट्रोल रूम ) को जानकारी मिली थी. इसके बाद भारत निर्माण कंपनी के प्रबंधन से बातचीत की गई और मजदूरों के बकाये का भुगतान कराया गया. कंपनी को कहा गया था कि मजदूरों का भुगतान अविलंब करने को कहा गया था. इसके बाद कंपनी की ओर से मजदूरों को बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया.