इजरायल हमास संघर्ष : भारत पर क्या होगा इसका असर?

इजरायल हमास संघर्ष : भारत पर क्या होगा इसका असर?

रांची.

फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास के इजरायल पर हमले के बाद इजरायल की अपेक्षित कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है. इजरायल ने इसे अपने उपर थोपा युद्ध माना है और उसने हमास के गाजापट्टी सहित अन्य इलाकों में ताबड़तोड़ हवाई हमले किए हैं.

इजरायल और फिलिस्तीन के बीच इस संघर्ष में अबतक दोनों ही ओर से एक हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि, घायलों की संख्या इससे कई गुना ज्यादा है. गाजापट्टी इलाके में इजरायली फाइटर जेट्स के हमले से कई इमारतें जमीनदोज हो गई है.

लेबनान, यमन, ईरान सहित कई मुसलिम देशों की जनता ने हमास का समर्थन किया है। इनमें से कई देशों की जनता ने जश्न भी मनाया है. लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने भी इजरायल पर मोर्टार हमले किए हैं. दूसरी ओर अमेरिका, ब्रिटेन सहित पश्चिमी देशों ने इस आतंकी कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इजरायल को समर्थन दिया है. भारत ने भी इजरायल पर हुए आतंकी हमले की निंदा की है. इससे यह संघर्ष खिंचते हुए देखा जा रहा है.  

हमास के पास अभी भी लगभग सौ इजरायली बंधक है जिन्हें छुड़ाने की कोशिश की जा रही है. इजरायल ने कहा है कि इस बार वह गाजापट्टी से हमास का पूरी तरह सफाया कर देगा. मुश्किल यह है कि हमास के आतंकी उन्हीं शहरी क्षेत्रों में जहां बड़ी संख्या में आम नागरिक भी है. ऐसे में बड़ी संख्या में नागरिकों की मौत से इंकार नहीं किया जा सकता. बहरहाल, अगर यह संघर्ष लंबा खिंचा, तो खाड़ी देशों से तेल की सप्लाई बाधित होने की आशंका है. इसका असर पूरी दुनिया के साथ साथ भारत पर भी पड़ना तय है. अगर तेल के दाम फिर से बढ़ें तो फिर महंगाई और बढ़ेगी. इसका असर तकरीबन सभी सेक्टर पर पड़ेगा.

Leave a Comment