हजारों विश्वासियों ने किया कार्डिनल का अंतिम दर्शन, कल होगा दफन संस्कार

रांची महाधर्मप्रांत के 500 से अधिक युवाओं की टोली दोपहिया वाहनों से एस्कॉट कर रहे थे

हजारों विश्वासियों ने किया कार्डिनल का अंतिम दर्शन, कल होगा दफन संस्कार

रांची।

“कार्डिनल की वजह से रांची की एक अलग पहचान बनी। पहले झारखंड में बाहर से मिशनरी आते थें अब रांची और झारखंड से मिशनरी बाहर जा रहे हैं। कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो विशेष व्यक्ति थें न सिर्फ मसीहियों के लिए बल्कि गैरमसीहियों के लिए भी। वे सभी जाति धर्मों के लोगों के लिए प्रार्थना करते थें और वे सभी लोगों के बीच समान रूप से लोकप्रिय थे“

-फादर अजीत खेस

कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो का पार्थिव शरीर मंगलवार को मांडर स्थित कांस्टेंट लीवंस हॉस्पिटल से पुरुलिया रोड स्थित संत मरिया महागिरजाघर में लाया गया। दिन के करीब 10:30 बजे से मांडर से पार्थिव शरीर को एक फूलों से सजे विशेष वाहन में रखा गया था। इस दौरान महाधर्मप्रांत के 500 से अधिक युवा दोपहिया व चार पहिया वाहन से एस्कॉट कर रहे थे। 

विशेष वाहन दिन के करीब 11 बजे ब्रांबे, फिऱ मखमंदरो, फिर काठीटांड पहुंचा। इसके बाद वाहन कटहल मोड़, दिन के 1: 30 बजे अरगोडा चौक, दो बजे सुजाता चौक, 2: 30 बजे अल्बर्ट एक्का चौक और 3 बजे संत मरिया महागिरजाघर पहुंचा।

रास्ते में दोनों ही तरफ लोगों की गमगीन भीड़ दर्शन के लिए खड़ी थी।  संत मरिया महागिरजाघर में कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो का शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। जहां लोगों का तांता अंतिम दर्शन के लिए लगा रहा। अपने चहेते कार्डिनल को देखने के लिए लोगों की भीड़ को देखकर पता चल रहा था कि वे लोगों के बीच कितने लोकप्रिय थे। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए प्रशासन की ओर से कई स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके अलावा रांची महाधर्म प्रांत की ओर से भी वॉलेंटियर की नियुक्ति की गई थी।

चर्च के अधिकारियों ने जानकारी दी कि 11 अक्तूबर को भी लोग दिन के 12 बजे तक संत मरिया महागिरजाघर में अंतिम दर्शन कर सकेंगे। बुधवार को दिन के एक बजे तक लोयोला मैदान में दिन के एक बजे से कार्डिनल की आत्मा की शांति की लिए मिस्सा अर्पित की जायेगी। फिर संत मरिया महागिरजाघर में दफन संस्कार किया जायेगा। महागिरजाघर के अंदर जिस जगह पर कार्डिनल को दफनाया जायेगा वह जगह खुद कार्डिनल ने ही वर्षों पूर्व चुनी थी। परंपरा के अनुसार कार्डिनल, आर्चबिशप जैसे विशिष्ट लोगों को महागिरजाघर के अंदर ही दफनाया जाता है।

बता दें कि बीते चार अक्तूबर को दिन के 3 45 मिनट पर हृदयघात से कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो का निधन हो गया था। वे लंबे समय थे अस्वस्थ चल रहे थें और उका मांडर स्थित कांस्टेट लीवंस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। बीते कुछ सालों से वे स्मृतिलोप संबंधी समस्याएओं का भी सामना कर रहे थें।

कई विशिष्ट लोग कार्डिनल के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल

कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो के अंतिम संस्कार में कई विशिष्ट लोग शामिल होंगे। इनमें वेटिकन सिटी के राजदूत प्रतिनिधि फादर केविन जस्टिस किमटिस, कटक-भुवनेश्वर के आर्चबिशप जॉन बरवा, कोलकाता के आर्चबिशप थॉमस डिसूजा, रांची के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो, पटना के आर्चबिशप सेबेस्टियन कलुपुरा, अगरतला के बिशप ल्यूमैन मोंटेरियो, दिल्ली के बिशप दीपक वेलेरियन ताउरो, रायगढ़ के बिशप पॉल टोप्पो, पोर्ट ब्लेयर के बिशप बिश्वासम सेल्वाराज, अंबिकापुर के बिशप अंटोनियो बाड़ा, राउरकेला के बिशप किशोर कुमार कुजूर, दुमका बिशप जूलियस मरांडी, भागलपुर के बिशप कुरियन वालिकंडाथिल, हजारीबाग के बिशप आनंद जोजो, खूंटी के बिशप विनय कंडुलना, जमशेदपुर के बिशप तेलेस्फोर बिलुंग सहित अन्य शामिल है।

Leave a Comment