पुजारा की लंगर डालू पारी, मैच दिलचस्प मोड़ पर
रांची/इंदौर :

इंदौर की धूल उड़ाती,स्पिनरों के मुफीद धीमी पिच पर गुरूवार को उमेश यादव ने तेज गेंदबाजी के वे जलवे दिखाए जिसने ऑस्ट्रेलिया की पारी को बड़ी बढ़त लेने से रोक दिया. एक दिन पहले भारत की पारी को सस्ते में समेटने के बाद आज कंगारू बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने के इरादे से मैदान पर उतरे थें.
शुरूआत के कुछ ओवरों के खेल से लगने लगा था कि वे लंबी पारी खेलेंगे. लेकिन अश्विन की फिरकी और उमेश की तेज गेंदबाजी ने मिलकर ऐसा समा बांधा जिसने मैदान में मौजूद भारतीय फैंस के चेहरे खिला दिये. खासकर उमेश यादव ने जिस अंदाज में गिल्लियां बिखेरी वह देखने लायक था.
उमेश ने 21 रन पर खेल रहे कैमरून ग्रीन को एलबीडब्ल्यू कर अपना पहला शिकार बनाया. इसके बाद उन्होंने मिचेल स्टार्क 01 और मर्फी 0 की गिल्लियां बिखेर दी. ढलती उम्र में जिस अंदाज में उमेश ने ये विकेट हासिल कर अहसास करा दिया कि उनमें अभी भी बहुत दमखम बाकी है.
भारत की पारी भी लड़खड़ाई मैच दिलचस्प मोड़ पर
पहली पारी में नाकाम रहे भारतीय बल्लेबाज दूसरी पारी में भी लड़खड़ा गए. दूसरी पारी में भारत 163 रन पर सिमट गई. रोहित शर्मा 12 रन और शुभमन गिल महज 5 रन बनाकर चलते बने. चेतेश्वर पुजारा ने एक तरफ से लंगर डाला और भारतीय पारी में सबसे ज्यादा 59 रनों का योगदान दिया. उन्होंने जिस अंदाज में एक छक्का मारा वह लाजवाब कर गया. विराट कोहली ने 13 और श्रेयस अय्यर ने 26 रनों का योगदान दिया. निचले क्रम में अश्विन 16 और अक्षर पटेल ने 15 रनों की उपयोगी पारी खेली.