
ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता का प्रसार, लोक अदालत की जानकारी मिली
रांची.
विधिक सेवा प्राधिकार रांची के तत्वावधान में अनगड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता का प्रसार किया गया. यह कार्यक्रम झालसा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची के द्वारा अनगड़ा प्रखण्ड के हेसातू पंचायत के सिकिदिरी गांव में किया गया.
‘‘विधिक सेवा आपके द्वार’’ कार्यक्रम के तहत एलएडीसी के अधिवक्ता राजेश कुमार सिन्हा, सौरभ कुमार पाण्डे, पीएलवी तारा मिंज, बेबी सिन्हा, जमिल अख्तल एवं राजा वर्मा और उपस्थित पीएलवी की टीम ने घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को जाना और समस्याओं के निबटारा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची में आवेदन देने के लिए कहा.
इसके अलावा डालसा के अधिवक्ता, सौरभ कुमार पाण्डे ने नालसा के 10 स्कीमों के बारें में जानकारी दी. बाल – विवाह, दहेज प्रथा, डायन बिसाही, कन्या भ्रूण हत्या इत्यादि विषय के संबंध में न्याय प्राप्त करने हेतु उपाय के संबंध में जानकारी दी गयी. ग्रामीणों को डालसा के तरफ से निःशुल्क विधिक सेवा प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी बताया गया.
राष्ट्रीय लोक अदालत 13 मई को, जागरूकता कार्यक्रम में दी गयी जानकारी
ज्ञात हो कि आगामी 13 मई को आयोजित होनेवाले राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी डालसा के पीएलवी के द्वारा जानकारी दी गयी. उन्होंने कहा कि न्यायालय में कोई भी वाद लंबित हैं, तो राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन अपने वादों का निबटरा करा सकते हैं, जिससे आपको समय व धन की बचत होगी.
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने जानकारी दी कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी आपराधिक सुलहनीय मामले, दीवानी से संबंधित मामले, श्रम से संबंधित वाद, विवाहोत्तर प्रताड़ना के वाद, पारिवारिक वाद, उत्पाद से संबंधित मामले, चेक बाउंस के मामले, वन विभाग के मामले, बिजली से संबंधित मामले, ट्रैफिक चालान से संबंधित मामले साथ ही साथ भूमि अधिग्रहण, मोटरयान, माप-तौल से संबंधित वाद एवं वैवाहिक से संबंधित मामलों को चिन्हित करके पक्षकारों को नोटिस भेजा जा रहा है.