
अजय तिर्की ने कहा-बंगाल में ईटा पत्थर चला था, यहां तीर चलेगा
रांची।
झारखंड में ईडी की कार्र्वाई के खिलाफ आदिवासी संगठनों ने राजभवन मार्च निकाला। आदिवासी संगठन इस बात से नाराज हैं कि ईडी की कार्रवाई सिर्फ गैर भाजपा शासित राज्यों में ही हो रही है। आज मार्च के दौरान केंद्रीय सरना समिति के अजय तिर्की ने कहा कि ईडी को समन भेजने, छापा मारने और कार्रवाई करने का अधिकार है। पर यह कार्रवाई सिर्फ गैर भाजपा शासित राज्यों में ही क्यों हो रही है? क्या ईडी को गैर भाजपा शासित राज्यों में ही कार्रवाई करने का ठेका मिला है? क्या यह ठेका उन्हें केंद्र ने दिया है? क्यों सिर्फ बंगाल, झारखंड, दिल्ली जैसे राज्यों में ही ईडी की कार्रवाई हो रही है?
अजय तिर्की ने कहा कि इस मार्च के माध्यम से हम ईडी को चेतावनी देना चाह रहे हैं। अगर उसका रवैया नहीं बदला तो हम उग्र आंदोलन करेंगे। बंगाल में तो सिर्फ ईटा पत्थर चला था। यहां तीर धनुष चलेगा। अगर ईडी की कारर्वाई के बाद राज्य में आग लगती है तो उसका जिम्मेवार सिर्फ ईडी ही होगा। अजय ने कहा कि हेमंत सोरेन आंदोलनकारी गुरूजी के पुत्र हैं। उन्हें बिना वजह परेशान करने की कोशिश की जा रही है। ईडी की कार्रवाई पूरी तरह से केंद्र के इशारे पर हो रही है। केंद्र सरकार, हेमंत सोरेन की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है।
आज राजभवन मार्च में शामिल लोग तीर धनुष जैसे पारंपरिक हथियारों से लैस थे। इस राजभवन मार्च में राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा, आदिवासी सेना सहित अन्य संगठनों के लोग उपस्थित थे।