सर्विस लेन सुधारने से पहले नाले का निर्माण, 6 पिलर कैप की भी हुई कास्टिंग

RANCHI कांटाटोली फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान सर्विस लेन में हो रही परेशानी को दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। सर्विस लेन के किनारे पक्के नाले का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे घरो का पानी सर्विस लेन पर नहीं आयेगा और लेन में गड्ढे नहीं बनेंगे। वहीं दोनों ओर सर्विस लेन के गड्ढो को भी भरने का काम शुरू हो चुका है। जिससे कि फ्लाईओवर के निर्माण में भी तेजी आ गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य करने वाली मेसर्स दिनेशचन्द्र आर अग्रवाल इन्फ्राकान प्राइवेट लिमिटेड ने सर्विस लेन के दोनों ओर प्रोजेक्ट साईट तक पक्के नाले का निर्माण शुरू कर दिया है। ये नाला शांतिनगर से योगदा मठ तक बनेगा। साथ ही कांटाटोली फ्लाईओवर के 44 पिलर में 25 पिलर बन चुके है। जिसमें 6 पर पिलर कैप भी बन गया है। इसके आलावा पेट्रोल पम्प के निकट कलवर्ट का भी निर्माण शुरू हो गया है। 

बाद में होगा पक्का सर्विस लेन

फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाने के बाद पक्के सर्विस लेन का निर्माण किया जायेगा।वर्तमान में पक्का सर्विस लेन बनाने से लेन टूट जायेगा। चूंकि फ्लाईओवर के पिलर पर गडर चढ़ाने के लिए चेन वाले बड़े क्रेन चलेंगे। इसलिए फ्लाईओवर के निर्माण तक सर्विस लेन का रखरखाव कर उसे यातायात लायक बनाया जायेगा। साथ ही बताया गया कि बहु बाजार चौक पर अतिक्रमण जिला प्रशासन द्वारा हटाये जाने के बाद उस क्षेत्र में  नाले का निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा।

Leave a Comment