
DHANBAD: संकल्प यात्रा के दौरान रविवार को जामताड़ा विधानसभा में आयोजित जनसभा को बाबूलाल मरांडी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संथाल परगना की सभी 18 विधानसभा क्षेत्रों की जनता ने प्रतिकूल मौसम रहने के बावजूद ‘संकल्प यात्रा’ को भारी जनसमर्थन दिया, उसके लिए संथाल क्षेत्र की समस्त जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार। उन्होंने कहा भाजपा ने आदिवासियों को हमेशा मान-सम्मान दिया है। अटल जी ने झारखंड राज्य बनाया, जनजातीय कल्याण मंत्रालय बनाया। मोदी जी आज झारखंड को संवार रहे हैं, तेजी से यहां का विकास कर रहे हैं। लेकिन झामुमो के लोग आदिवासियों को दिग्भ्रमित कर सिर्फ अपना निजी हित साधने में लगे हुए हैं।
पुलिस सुरक्षा देने में असफल
धनबाद जिला अंतर्गत टुंडी विधानसभा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज धनबाद में अपराधियों द्वारा खुलेआम फिरौती मांगी जा रही है, जिसके डर से लोग अपना व्यवसाय छोड़कर पलायन कर रहे हैं। हेमंत सोरेन की पुलिस जनता को सुरक्षा देने में असफल रही है। हेमंत सोरेन खुद संगठित गिरोह बनाकर झारखंड की संसाधनों को लूटने में लगे हुए हैं। झारखंड को लूट और भ्रष्टाचार से बचाने के लिए 2024 में हेमंत सोरेन को सत्ता से बेदखल कर भाजपा की सरकार बनाना ही होगा।