
रांची.
चेक बाउंस मामले में आरोपी बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल को रांची की जिला अदालत ने 10 जुलाई को सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया है. सिविल जज सीनियर डिवीजन डीएन शुक्ला की अदालत में अमीषा पटेल की सशरीर उपस्थिति पर छूट के आवेदन पर सुनवाई के दौरान अदालत ने यह निर्देश जारी किया है.
दरअसल मामले में 21 जून को सुनवाई के दौरान भी अमीषा पटेल को उपस्थित होना था पर उनके अधिवक्ता की ओर से सीआरपीसी की धारा 317 के तहत आवेदन दिया गया. इसमें कहा गया है कि वे एक आवश्यककार्य से मोहाली में है इसलिए उन्हें सशरीर उपस्थिति से छूट दिया जाये.
अब अमीषा पटेल को 10 जुलाई को अदालत में उपस्थित होने का निर्देश है अगर वे उस दिन भी उपस्थित नहीं होती है तो उनकी परेशानी बढ़ सकती है.
बता दें कि रांची के फिल्म निर्माता और व्यवसायी अजय कुमार सिंह ने अमीषा पटेल और उनके बिजनेस पार्टनगर कुणाल ग्रूमर के खिलाफ 17 नवंबर 2018 को अदालत में केस किया था. केस में चेक बाउंस, धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप लगाये गए हैं.
अजय सिंह से अमीषा पटेल ने एक फिल्म बनाने के लिए ढाई करोड़ रुपये लिए थे. पर न तो फिल्म बनी और न ही अजय सिंह को पैसे वापस किए. इसके बाद जब अजय कुमार सिंह की ओर से पैसे वापस देने के लिए कहा गया तो अमीषा पटेल की ओर से चेक दिया गया जो बाउंस कर गया. इसके बाद मजबूर होकर अजय सिंह ने अदालत में केस दायर किया.