
रांची.
चेक बाउंस धोखाधड़ी और धमकी देने से जुड़े एक मामले में आरोपी बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल ने शनिवार (17 जून 2023) को रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया. सिविल जज सीनियर डिवीजन डीएन शुक्ला की अदालत में सरेंडर करने के बाद अभिनेत्री को 10-10 हजार रूपये के दो मुचलके पर जमानत प्रदान की गई.
बता दें कि कोर्ट में हाजिर होकर अपना पक्ष रखने से संबंधित निर्देश के बावजूद अमीषा पटेल कोर्ट में उपस्थित नहीं हो रही थी. जिसके बाद उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था.
अमीषा पटेल पर झारखंड के फिल्म निर्माता व व्यवसायी अजय कुमार सिंह ने चेक बाउंस, धोखाधड़ी व धमकी देने के मामले में 17 नवंबर 2018 को कोर्ट में मुकदमा दायर किया है.
आरोप है कि फिल्म बनाने के नाम पर अमीषा पटेल ने अजय कुमार सिंह से ढाई करोड़ रुपये लिए थे. पर समय बीत जाने के बाद भी फिल्म नहीं बनी. इसके बाद जब अजय कुमार सिंह ने अपने पैसे वापस मांगे तो अमीषा पटेल की ओर से उन्हें चेक दिए गए जो बाउंस कर गये. इसके बाद व्यवसायी को धमकी भी दी गई. इस मामले में अमीषा पटेल के बिजनेस पार्टनर कुणाल भी आरोपी हैं.