
RANCHI: भारत सरकार की महत्वकांक्षी योजना “स्वच्छ भारत मिशन” अंतर्गत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर रांची नगर निगम द्वारा आयोजित किया जाता है। जिसमें आमजनों की अधिक से अधिक सहभागिता एवं स्थानीय नागरिकों को जागरुक करने हेतु विभिन्न समाजसेवी संगठन एवं गैर सरकारी संस्थाओं (NGO) की भागीदारी अपेक्षित होती है। उक्त कार्य के सफलतापूर्वक संचालन हेतु निगम द्वारा कुल 33 समाजसेवी संगठनों/NGO को सूचिबद्ध किया गया है, जिन्होंने निगम से जुड़ने के लिए इच्छा जताई थी। प्रशासक अमीत कुमार की अध्यक्षता में उक्त सभी NGOs के साथ बैठक निगम सभागार में की गई। प्रशासक ने कहा कि रांची नगर निगम शहर को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने हेतु प्रयासरत रहता है। यह एक हर्ष का विषय है कि NGOs ने आगे बढ़कर स्वेच्छा से निगम के जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेने हेतु इच्छा ज़ाहिर की है।
निगम चलाता है जागरूकता कार्यक्रम
उन्होंने कहा कि एक शहर की पहचान उसके नागरिकों तथा उसके वर्तमान स्थिति से होती है और रांची नगर निगम की यह अपेक्षा है कि सभी सम्मानित नागरिक स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण इत्यादि विषयों को गंभीरता के साथ अपने निजी जीवन का अंग बनाए। इसके लिए निगम द्वारा समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाते है। हम सभी रांची वासियों को मिलकर ‘हमारी रांची, अपनी रांची’ की सोच के साथ सतत विकास की ओर बढ़ने की आवश्यकता है। इसके लिए सभी NGOs को भी निगम के विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमो के साथ जुड़ना होगा। साथ ही विभिन्न विषयों के ऊपर मंथन करते हुए कार्यों को किस प्रकार बेहतर किया जा सके, इसके लिए फीडबैक भी देनी होगी। इसके अलावा जमीनी स्तर से लोगों को जागरूक भी करना होगा। इससे रांची नगर निगम भी कार्यों का बेहतर निर्वहन भी कर पाएगा।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग कराना जरूरी
प्रशासक ने कहा कि आने वाले निकट भविष्य में सभी को सकारात्मक सोच के साथ बढ़ना होगा। जिसमे लोग अपने जीवन में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्त्रोत पृथक्करण की आवश्यकता, रेन वाटर हार्वेस्टिंग इत्यादि विषयों के प्रति सजग रहेंगे तथा अपने जीवन शैली का अंग बनाना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर रांची नगर निगम की प्राथमिकता जल संरक्षण है, इसके लिए निगम द्वारा घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग का अधिष्ठापन करवाने हेतु जागरूक भी किया जा रहा है। साथ ही शहर में स्वच्छता अभियान के साथ-साथ स्त्रोत पृथक्करण को बढ़ावा देने हेतु डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और सभी के सामूहिक प्रयास से ही हम अपने शहर रांची को स्वच्छ, सुंदर और रमणीक बना पाएंगे।
बैठक में उप प्रशासक श्री रविंद्र कुमार, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ किरण कुमारी, सहायक प्रशासक श्री निकेश कुमार तथा विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।