
RANCHI: लोकसभा चुनाव के आगाज की घोषणा हो चुकी है। वोटिंग की तारीखों का भी ऐलान हो चुका है। अब सभी विधानसभा क्षेत्रों में जागरूकता के लिए सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। चुनाव कराने के लिए शेड्यूल भी तैयार किया जा रहा है। लेकिन कई सरकारी कर्मचारी पहले से ही खुद को अनफिट बता रहे हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो वे खुद को बीमार बता रहे हैं ताकि उन्हें चुनाव ड्यूटी पर न लगाया जाए। ऐसे कार्मिकों के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदेश जारी कर दिए हैं। जिसके तहत मेडिकल बोर्ड से फिटनेस सर्टिफिकेट लेना जरूरी होगा। इतना ही नहीं इसके लिए एक बोर्ड भी बनाया गया है। बोर्ड से फिटनेस सर्टिफिकेट मिलने के बाद ही उन्हें चुनाव ड्यूटी से हटाया जाएगा।
बोर्ड में सभी डॉक्टरों को शामिल किया गया है। ये लोग ओपीडी के समय कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस टेस्ट करेंगे। इसके बाद सर्टिफिकेट बोर्ड उन्हें जारी करेगा। इसी आधार पर कर्मचारियों को छुट्टी दी जाएगी। आपको बता दें कि सरकारी कर्मचारी हर दिन ओपीडी में संबंधित विभाग के डॉक्टरों के पास जाकर अपना मेडिकल चेकअप करा सकते हैं। इसके लिए समय भी तय कर दिया गया है। मेडिकल बोर्ड सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कराया जा सकता है।