
RANCHI: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने संकल्प यात्रा के दौरान पाकुड़ जिले के शिकारीपाड़ा में सीएम हेमंत सोरेन पर हमला बोला। संथाली में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने पर मेरे खिलाफ हेमंत सोरेन को जितना केस करवाना है, करवा लें। वे जेल से भी लूट, झूठ और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने झारखंड राज्य दिया। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने इसे संवारा, लेकिन हेमंत सोरेन के राज में भ्रष्टाचार से प्रदेश की हालत बदतर होती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों की चिंता करते हैं और हेमंत सोरेन दलालों, भ्रष्टाचारियों की चिंता करते हैं। भाजपा की सरकार स्थानीयों को खदान का लीज और पूंजी भी देगी। बाबूलाल ने कहा हेमंत सोरेन ने पैसे कमाने में झारखंड को खोखला कर दिया।
खदान और खनिज संपदा दिल्ली, मुंबई वालों को दे दिया। 2024 में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनायें और झारखंड में भाजपा की सरकार बनायें। भाजपा स्थानीयों को खदान का लीज देगी। पूंजी नहीं होने पर पूंजी भी देगी। यहां के लोग मजदूर नहीं मलिक बनेंगे। हेमंत राज में पूरे प्रदेश में लूट मची हुई है। बाबूलाल ने कहा कि भाजपा की सरकारें विकास के लिये जानी जाती हैं, जबकि कांग्रेस-जेएमएम की सरकार का मतलब ही भ्रष्टाचार, लुटेरों, दलालों, बिचौलियों की सरकार है।